भोपाल का चुनाव साधु और शैतान की लड़ाई है: शिवराज सिंह चौहान | BHOPAL CHUNAV SAMACHAR

भोपाल। कांग्रेसी भगवा को आतंकवाद से जोड़ रहे हैं, हिन्दू को आतंकवादी बता रहे हैं। दिग्विजय सिंह पुलवामा के आतंकी हमले को घटना बता रहे हैं, ये ओसामा को ओसामाजी कहते हैं। आतंकवादी घटना में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का क्या रोल था? जिस साध्वी ने बचपन से अपना घर-बार छोड़ दिया और राष्ट्र के निर्माण में अपना जीवन समर्पित कर दिया है। इन्होंने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को साजिश का शिकार बनाया है। ये चुनाव साधु और शैतान की लड़ाई है। ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे रविवार को भोपाल में भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के जनसमर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश भर में हो रही भारी बिजली कटौती के विरोध में हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ भोपाल में लालटेन यात्रा निकालकर सरकार को बिजली कटौती को लेकर सख्त लहजे में चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि मैं भले ही मुख्यमंत्री नहीं हूं। मैंने मुख्यमंत्री की कुर्सी से कभी प्यार भी नहीं किया। मैंने हमेशा अपने प्रदेश की जनता से प्यार किया है। मैंने कभी पद को अहमियत नहीं दी। पद तो आते-जाते रहते हैं। लेकिन मैं भले ही पद पर नहीं हूं, लेकिन कमजोर भी नहीं हूं। यदि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को परेशान किया तो मैं इनकी ईंट से ईंट बजा दूंगा, चैन से नहीं बैठूंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ रही है। इनके मिस्टर बंटाढार अपनी सभाओं में जनरेटर लेकर पहुंच रहे हैं। लाइट चली जाती है तो कहते हैं कि ये भाजपा वालों की कोई चाल है। वे ही बिजली कटवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस सरकार की नाकामियां हैं और अब सरकार नहीं चला पा रहे हैं तो हम पर दोषारोपण कर रहे हैं। यदि कांग्रेस सरकार नहीं चला पा रही है तो कुर्सी छोड़ दे।
बेईमान सरकार ने गरीबों का हक छीना

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार बेईमान है। इन्होंने भाजपा सरकार में गरीबों के लिए चलाई गई योजनाओं को बंद कर दिया है। हमने गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रूपए देना शुरू किया तो इन्होंने गरीबों का कफन भी छिन लिया। तीर्थदर्शन यात्रा बंद करवा दी। हमारे बुजुर्ग अब तीर्थदर्शन पर नहीं जा पा रहे हैं। इन्होंने सभी विकास के काम भी बंद करवा दिए हैं और प्रदेश में एक नया उद्योग शुरू कर दिया है। इनका नया उद्योग तबादला उद्योग है। इस तबादला उद्योग में इन्होंने जमकर कमाया। सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों से कह दिया कि लाओ पैसा और मनमानी पोस्टिंग पाओ। जब इनकम टैक्स ने छापा मारो तो इनके घरों में नोटों की गड्डियां ही गड्डियां निकलीं। 281 करोड़ रूपए निकले। 

15 साल से भूखे थे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस की सरकार 15 सालों की भूखी सरकार थी। सत्ता मिलते ही प्रदेश को बरबाद करने पर टूट पड़े हैं। न तो प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कंट्रोल कर पा रहे हैं, न ही ये मासूम बेटियों के साथ हो रही दंरिदगी को रोक पा रहे हैं। हमने ये अपराधियों के लिए फांसी देने का कानून लाए, लेकिन ये निकम्मी सरकार कुछ नहीं कर पा रही है।

मिस्टर बंटाढार रिटर्न
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले मिस्टर बंटाढार ने प्रदेश को गर्त में पहुंचा दिया है और अब लग रहा है कि मिस्टर बंटाढार रिटर्न हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में इनकी सरकार थी तो एक खानदान के लोगों ने देश को पलीता लगाया। इनकी सरकारों में जमकर घपले-घोटाले हुए। लेकिन केंद्र में मोदी सरकार के कार्यकाल में एक भी भ्रष्टाचार का मामला नहीं आया और अब इन भ्रष्टाचारियों को डर लग रहा है कि उनका क्या होगा। इसलिए सभी घोटालेबार एक ही मंच पर आकर श्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते हैं, लेकिन प्रदेश और देश की जनता समझदार है और अब वह जानती है कि देश को मोदी जैसे प्रधानमंत्री की ही जरूरत है। 

लालटेन यात्रा निकाली
भाजपा ने कांग्रेस सरकार में हो रही बिजली कटौती का विरोध जताया। विरोध स्वरूप भाजपा ने पंचशील नगर में लालटेन यात्रा निकाली। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों ने हाथों में लालटेन लेकर कमलनाथ सरकार द्वारा की जा रही बिजली कटौती का पुरजोर विरोध किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विश्वास सारंग, महापौर आलोक शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विकास विरानी, शंकर मकरोनिया एवं मंडल अध्यक्ष सहित  पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !