साध्वी प्रज्ञा सिंह के खिलाफ चुनाव रोकने संबंधी याचिका खारिज | BHOPAL NEWS

भोपाल। मालेगांव ब्लास्ट 2008 केस में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ NIA की स्पेशल कोर्ट में दाखिल याचिका को खारिज कर दिया गया है। याचिकाकर्ता ने कोर्ट से अपील की थी कि वो प्रज्ञा सिंह को चुनाव लड़ने से रोकें। भाजपा ने भी सांसद आलोक संजर का डमी नामांकन फार्म जमा करा दिया था। ताकि यदि प्रज्ञा सिंह के खिलाफ फैसला आए तो आलोक संजर को अधिकृत प्रत्याशी बनाया जा सके। 

कोर्ट में 2008 मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की मांग को लेकर याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा, प्रज्ञा कोर्ट में चल रही सुनवाई में हिस्सा नहीं ले रही हैं। वे खराब स्वास्थ्य का बहाना बना रही हैं, लेकिन वे चुनाव के लिए प्रचार कर रही हैं, जहां वे बीमार नजर नहीं आ रहीं।

एनआईए ने मंगलवार को अदालत से कहा था कि यह मामला चुनाव आयोग से संबंधित है। यह हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है।

निसार सैय्यद ने साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ एनआईए कोर्ट में याचिका दायर की थी। मालेगांव ब्लास्ट में उनके बेटे की मौत हो गई थी।

साध्वी प्रज्ञा इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। स्वास्थ्य कारणों से उन्हें जमानत दी गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह इतनी गर्मी में चुनाव लड़ने के लिए स्वस्थ हैं। साध्वी कोर्ट को गुमराह कर रही हैं।

जवाब में साध्वी ने कहा था, ''याचिका राजनीति से प्रेरित है। यह केवल पब्लिसिटी स्टंट के लिए किया गया काम है। याचिकाकर्ता ने कोर्ट का समय बर्बाद किया है। उस पर जुर्माना लगाकर याचिका को खारिज कर दिया जाना चाहिए।''

मालेगांव ब्लास्ट में 6 लोगों की मौत हुई थी
29 सितंबर, 2008 को उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले में हुए ब्लास्ट में 6 लोग मारे गए थे जबकि 100 से अधिक घायल हुए थे। एनआईए ने जांच के बाद साध्वी को क्लीन चिट दी थी। कोर्ट में यह मामला अभी भी चल रहा है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !