DIGVIJAY SINGH भोपाल ही नहीं 4 सीटों के लिए फायदेमंद: मंत्री जयवर्धन सिंह: मंत्री जयवर्धन सिंह | MP NEWS

Updesh Awasthee
भोपाल। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास और आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने को कांग्रेस के लिए फायदेमंद बताया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के कारण कांग्रेस भोपाल के साथ राजगढ़, होशंगाबाद और बैतूल लोकसभा सीटों पर भी जीत दर्ज कराएगी। 

सिंह बोले कि दिग्विजय सिंह के राजगढ़ से चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में भी वहां से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने का लाभ राजगढ़ सहित बैतूल और होशंगाबाद सीटों को भी मिलेगा। मंत्री जयवर्धन सिंह ने चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा से कोई भी प्रत्याशी सामने हो, मूल बात विचारधारा की है। मोदी सरकार की पांच साल की विफलताओं के आधार पर कांग्रेस का हर प्रत्याशी चुनाव में उतर रहा है।

शिवराज सिंह ने लाखों युवाओं के जीवन का बंटाढार किया

जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने लगभग 70 दिन के कार्यकाल में 80 से ज्यादा वचन पूरे किए हैं। इन कामों को लेकर ही लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उतरेगी। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिग्विजय सिंह को बंटाढार रिटर्न कहे जाने पर उन्होंने कहा कि जब शिवराज थे तो लाखों युवाओं के जीवन का बंटाढार किया और मंदसौर में किसानों पर गोलियां चलवाईं। साध्वी प्रज्ञा के दिग्विजय को देशद्रोही कहने पर जयवर्धन ने कहा कि जो व्यक्ति दस साल मुख्यमंत्री रहा हो और कई बार सांसद रहा हो, उस पर ऐसे आरोप लगाने वाले की मानसिकता पर दया आती है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!