ELECTION NEWS: बैरसिया: जयश्री सवाल ही नहीं पूछ पाई, विष्णु ने धो डाला

भोपाल। दैनिक भास्कर के चुनावी कार्यक्रम आमने-सामने में भोपाल जिले की बैरसिया विधानसभा के भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी आमने-सामने थे। भाजपा प्रत्याशी विष्णु खत्री वर्तमान विधायक हैं जबकि कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री हरिकरण पेट्रोल पंप चलाती हैं। जयश्री महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी हैं। डिबेट में जयश्री हरिकरण अपने प्रतिस्पर्धी विष्णु खत्री को घेरने में पूरी तरह नाकाम साबित हुईं जबकि विष्णु ने जयश्री को जमकर धो डाला। 2 बार तो स्थिति यह बनी कि जयश्री ने विष्णु को उनके विकास कार्य याद दिला दिए। पढ़िए क्या बहस हुई दोनों के बीच: 

सबसे पहले सड़क पर घायल हुईं जयश्री
विष्णु ने कहा- बैरसिया से भोपाल तक की सड़क की तस्वीर देखिए। 
जयश्री ने कटाक्ष किया- 45 किमी. सड़क बनाने में दस साल लगा दिए आपने, क्या इसे विकास कहते हैं?
इस पर विष्णु ने उल्टे जयश्री पर सवाल दाग दिया- क्या आपको विकास की परिभाषा पता है।
जयश्री : भोपाल से बैरसिया तक 45 किलोमीटर की एक सड़क बनवाने में आपने 10 साल लगा दिए, 3-3 ठेकेदार बदल दिए, फिर भी एक सड़क को बनाने में इतनी देरी क्यों हुई। 
विष्णु : मेरे कार्यकाल में सिर्फ 2 साल ही लगे। बीओटी प्रोजेक्ट था, ठेकेदार कंपनी काम छोड़कर भाग गई। कोर्ट केस चले। आपको समझ ही नहीं है मामले की, तो मैं क्या बताऊं। 
जयश्री : क्या एक रोड बनने से सारी सड़कें अच्छी हो गईं, कभी नजीराबाद के अंदर जाकर देखा है? तरावली के हरसिद्धि मंदिर की सड़क बनाने की याद 5 साल बाद आई। जब कार्यकाल खत्म होने जा रहा है? 
विष्णु : मैडम कार्यकाल खत्म नहीं, बल्कि दूसरा मिलने जा रहा है। सड़क का काम शुरू हो गया।

फिर अस्पताल में भर्ती हो गईं
जयश्री : लोग कहते हैं कि आप क्षेत्र में दिखते ही नहीं हो, नलजल योजनाएं बंद पड़ी हैं, ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं। विकास तो आपने किया नहीं है क्षेत्र में?  
विष्णु : विकास की परिभाषा क्या समझती हैं आप। सड़क, स्वास्थ्य, पानी सब तरफ विकास किया है।
जयश्री : स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए क्या किया? 
विष्णु : बैरसिया में सिविल अस्पताल का दर्जा मिल गया है। 30 बेड और बढ़ गए हैं। बिल्डिंग बन चुकी है। 14 नए उपस्वास्थ केंद्र बैरसिया में मंजूर कराए हैं।
जयश्री : ..और डॉक्टर, क्या डॉक्टर नियुक्त हो गए। 
विष्णु : डॉक्टरों के पद मंजूर हो गए, हैं, नियुक्ति हो जाएगी। 
जयश्री : वाह, क्या डॉक्टरों के बिना बिल्डिंग और बेड से इलाज हो जाएगा। 5 साल क्या करते रहे। 6 माह में बिल्डिंग बनवा देने से अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली। 
विष्णु : आपकी पार्टी के राज में तो ये भी नहीं होता था, बिजली भी नहीं मिलती थी, लोग कहते थे जब तक रहेगा दिग्गी, तब तक टंगी रहेगी डिब्बी।

बेवजह अचारपुरा याद दिला दिया
जयश्री : अचारपुरा में कौन से नया उद्योग स्थापित कराया आपने, कांग्रेस के काम को अपना बताने के अलावा कोई नया विकास कराया हो तो बताओ? 
विष्णु : मैडम, आप आंखें खोलकर देखो तो अचारपुरा का विकास आपको दिख जाएगा।  

शिक्षा का सवाल उठाया ही क्यों
जयश्री : अच्छा, बच्चियों की अच्छी शिक्षा के लिए आपने क्या किया? 
विष्णु : धन्यवाद, जो आपने खुद ही पूछ लिया। पहले बैरसिया में 9 हायर सेकंडरी स्कूल थे, मैंने 15 नए खुलवाए हैं, 80-80 लाख रुपए से इनकी बिल्डिंग बन रही हैं। सूरजपुरा की बिल्डिंग कंम्पलीट हो चुकी है। बिल्लोद, खोद,  नायसमंद, गढ़ा में भी काम चल रहा है। 
जयश्री : ये स्कूल सिर्फ बच्चियों के लिए हैं? 
विष्णु : भले ही कोएड हों, पर पढ़ेंगी तो बच्चियां भी।  
विष्णु : भाजपा ने 15 साल में इतना कर दिया है कि आपकी सरकारें 55 साल में नहीं कर पाईं।  

अब क्षेत्र की बात खत्म, भाषणबाजी शुरू
जयश्री : फिर किसान क्यों आत्महत्या कर रहे हैं? क्यों किसान सरकार के खिलाफ आंदोलन करते हैं, क्यों आपने किसानों पर गोली चलवा दी। 
विष्णु : आत्महत्या एक सामाजिक बुराई है, इसका विकास से लेना देना नहीं हैं। किसानों को सबसे ज्यादा फसल बीमा मिला है हमारी सरकार में। 

विष्णु ने धो डाला, अपनी प्लानिंग ही नहीं बता पाईं जयश्री
विष्णु : आप गलतफहमी में हो, अच्छा ये बताओ आपके पास क्या अनुभव है, आप क्या करेंगी क्षेत्र के विकास के लिए?
जयश्री : जनप्रतिनिधि तो अभी आप हैं, जवाब आप दीजिए, लेकिन जनता अब परिवर्तन चाहती है, और परिवर्तन होकर रहेगा। आपने 5 साल में लड़कियों के लिए एक भी कॉ़लेज क्यों नहीं बनवाया। 
विष्णु : जो दावे मैंने यहां किए हैं, आप मीडिया के साथ जाकर खुद चेक कर आओ। क्षेत्र में जान जलाई है मैंने। शुगर बढ़ गई है मेरी घूम-घूमकर। आज आपका जन्मदिन भी है, आपको बहुत शुभकामनाएं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !