भाजपा को जिताइए, विकास जिम्मेदारी मेरी: शिवराज सिंह का भाषण | MP NEWS

खनियाधाना। कांग्रेस का विकास से कोई सरोकार नही है, कांग्रेस सिर्फ नारों में विश्वास करती है। इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओं का नारा देकर गरीबों का शोषण किया, गरीबों का मजाक उड़ाना कांग्रेस की परंपरा है। कांग्रेस अगर विकास में विश्वास करती तो आज खनियाधाना और पिछोर विधानसभा विकास के मामले में पीछे नही रहता। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात रविवार को शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा के खनियाधाना में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि पिछले 14 वर्षों से यह क्षेत्र विधायक की उदासीनता के कारण पिछड़ता है। भाजपा को जिताइए इस क्षेत्र का विकास मेरी जिम्मेदारी होगी। 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा रविवार को शिवपुरी जिले की विधानसभाओं में पहुंची। यात्रा की शुरूआत खनियाधाना से की। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को सुबह हेलिकाॅप्टर से खनियाधाना पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खनियाधाना की भूमि नंदेश्वर जिनालय और चन्द्रशेखर आजाद की कर्मस्थली है। यह भूमि संतों, वीरों और तपस्वियों की भूमि है, जिसे मैं प्रणाम करता हॅू। उन्होंने चौथी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगा। हेलिपेड पर स्थानीय नेताओं ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का पुष्पहारों से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद श्री प्रभात झा उपस्थित थे। 

पिछड़े हुए पिछोर के लिए विधायक जिम्मेदार

खनियाधाना में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछोर विधानसभा में लंबे समय से कांग्रेस है लेकिन विकास के नाम पर यहां के विधायक ने कुछ नहीं किया पिछोर आज भी विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। हमने इस क्षेत्र के विकास के लिए काम किया, लेकिन यहां के विधायक ने विकास में रोड़े अटकाए। उन्होंने जनता से आव्हान करते हुए कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी का विधायक बनाओं, चैथी बार सरकार बनते ही इस क्षेत्र में विकास की झड़ी लगा देंगे। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने अब भाजपा का जिताने का मन बना लिया है। भाजपा का साथ ही इस क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। 

संबल सर्व समाज के लिए

मुख्यमंत्री ने संबल योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओं का नारा देकर गरीबों के साथ मजाक किया। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीबी हटाने का संकल्प लिया है, गरीबों की आमदानी बढ़ाने का संकल्प लिया है। हमने गरीबों को पक्के मकान और आवासहीनों को पट्टों का वितरण किया और यह निर्धारित किया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ 2022 तक मध्यप्रदेश की धरती पर अब कोई भी बिना मकान के नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि संबल योजना में 2 करोड़, 22 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। बिना भेदभाव के इस योजना का लाभ सभी समाज के असंगठित मजदूर, छोटे किसान और छोटे व्यापारियों को मिलेगा। हमने बिना भेदभाव के जनता की सेवा की है। 

खनियाधाना राजपरिवार के सदस्य के साथ सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल

खनियाधाना में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के दौरान खनियाधाना राजपरिवार के सदस्य श्री ऋषभ राजा के साथ खनियाधाना के श्री कल्याणसिंह पाल, श्री विजय सिंह बोध, कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष श्री चेतराम आदिवासी, श्री बंटी पाल सहित सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल हुए।

स्वागत से अभीभूत मुख्यमंत्री ने मांगा आशीर्वाद

मुख्यमंत्री खनियाधाना से चंदेरी पहुंचे तो चंदेरी में रोड शो के दौरान जनसैलाब उमड़ा। मुख्यमंत्री ने अभीभूत होकर कहा कि चंदेरी में आज उत्सव-सा माहौल है। आप सभी लोगों का आशीर्वाद, स्नेह और विश्वास स्पष्ट संदेश दे रहा है कि आप सभी प्रदेश को समृद्धि की ओर ले जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि अद्भुत वस्त्र कला के लिए विश्व प्रसिद्ध चंदेरी का बेहतर विकास कर सकूं, इसके लिए मुझे आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने नागरिकों से भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने के लिए समर्थन प्रदान करने का आग्रह किया।

चंदेरी का विकास मेरी जिम्मेदारी

चंदेरी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास करने में विश्वास रखती है, लेकिन यहां के विधायक विकास के लेकर कोई बात नहीं करते। चंदेरी के विकास के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। अब समय आ चुका है कि जनता उनसे हिसाब मांगे। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि आप लोग भारतीय जनता पार्टी को एक बार मौका दीजिए। यह क्षेत्र विकसित चंदेरी की ओर अग्रसर होगा। 

सेहराई में हुआ जोरदार स्वागत

मुख्यमंत्री हेलिकाप्टर से चंदेही पहुंचे थे, यहां से रथ में सवार होकर मुख्यमंत्री इमलिया, सेहराई की ओर रवाना हुए। सेहराई में स्थानीय नागरिक मुख्यमंत्री श्री चौहान को आशीर्वाद देने के लिए उमड़े। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा को समर्थन प्रदान करने का आग्रह किया।  

किसानों को परेशानी नहीं आने दूंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती लाभ का धंधा बने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने खरीफ और रबी की फसलों में लागत का डेढ़ गुना मूल्य निर्धारित किया है। हमनें प्रदेश में अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से 33 हजार करोड़ किसानों को देने का काम किया है। किसानों का गेहूं पहले 1735 रुपए क्विंटल बिका था, हमने 265 बढ़ाकर उसे 2 हजार क्विंटल कर दिया। उन्होंने कहा कि किसान भाई चिंता नहीं करें, उन्हें फसल का पूरा उचित दाम दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को परेशानी नहीं आने दूंगा।  

ये नेता थे मंचासीन

जन आशीर्वाद यात्रा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री लक्ष्मी नारायण गुप्ता, किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष श्री सुशील रघुवंशी, श्री नरेंद्र विरथरे, श्री राघवेंद्र शर्मा, श्री प्रीतम लोधी, श्री लोकपाल लोधी, श्री जगराम सिंह यादव, श्री ओमप्रकाश खटीक, श्री देवेंद्र जैन, श्री रमेश खटीक, श्री भैयासाहब लोधी, श्रीमती नवप्रभा पड़रया, श्री भानु जैन, श्री बनवारी लाल श्रीवास्तव, श्री विकास पाठक आदि मंचासीन रहे।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !