ग्वालियर, 4 जून 2026: राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री अरविंद माहौर याद होंगे आपको। सितम्बर 2025 में "तेरी भाभी में गर्मी" वाला वीडियो वायरल हुआ था, फिर सीएम ने सस्पेंड कर दिया था। अब उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बार उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार तो कर लिया लेकिन थाने में भी उनका जलवा देखने को मिला। परिसर में आराम से टहल रहे थे, मोबाइल पर बात कर रहे थे और पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।
Arrested Deputy Collector Seen Walking With Mobile in Police Station, Viral Video Raises Questions
टीआई सिविल लाइन उदय भान यादव ने बताया कि आरोपी डिप्टी कलेक्टर को बुधवार की रात में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद अरविंद माहौर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। इसके चलते सुबह करीब 4 बजे उनका इलाज कराया गया, जिसके बाद हालत ठीक बताई जा रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(1), 351(3) और 225 के तहत मामला दर्ज किया है।
लड़की ने सिर्फ एफआईआर कराई है: अरविंद माहौर
गुरूवार को कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी डिप्टी कलेक्टर थाने में आराम से टहलते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते दिखे। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय पत्रकारों से भी बात की। आरोपों से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा- सब गलत है। लड़की ने सिर्फ एफआईआर कराई है। अभी मैं आरोपी साबित नहीं हुआ हूं।
30 मार्च से 3 जून तक कई बार रिलेशन बनाए
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बुधवार (3 जून) रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर से उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। माहौर ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया, जिस पर वह राजी हो गई। पीड़िता का आरोप है कि 30 मार्च 2025 को माहौर उसे घर के पास से कार में बैठाकर मुरैना के रेस्ट हाउस ले गए। वहां कार में उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए। इसके बाद वे उसे तत्कालीन एसडीएम के रूप में सबलगढ़ स्थित सरकारी आवास और फिर ग्वालियर स्थित फ्लैट पर ले गए। यहां भी शारिरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि यह सिलसिला 30 मार्च 2025 से 3 जून 2026 तक चलता रहा। अब माहौर शादी से मुकर रहे हैं और शिकायत करने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं।

.webp)
