दीपक बावरिया ने गुपचुप कर दी 100 से ज्यादा पदाधिकारियों की नियुक्ति | mp news

Updesh Awasthee
भोपाल। कांग्रेस में प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। मध्यप्रदेश के इतिहास में दर्ज है, वर्षों पहले कांग्रेस के मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह लोगों को पर्ची पर नौकरियां बांट दिया करते थे। कुछ ऐसा ही इस बार हुआ है। दीपक बावरिया ने लेटरहेड पर पार्टी के पद बांट दिए और पार्टी को बताया तक नहीं। बावरिया द्वारा की गई नियुक्तियों की सूचना प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक को नहीं है। मामले का खुलासा तो तब हुआ जब सोशल मीडिया पर नए पदाधिकारियों ने नियुक्ति पत्र साझा करने शुरू कर दिए। 

सूत्र बताते हैं कि दीपक बावरिया ने 100 से ज़्यादा ऐसे प्रदेश पदाधिकारी नियुक्त कर दिए हैं जिनकी जानकारी प्रदेश संगठन को है ही नहीं। अमूमन AICC के लेटर हैड पर अशोक गहलोत के दस्तखत से प्रदेश पदाधिकारी नियुक्त होते हैं। इन पदाधिकारियों की जानकारी औपचारिक रूप से पीसीसी यानि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दी जाती है। पीसीसी की ओर से इन पदाधिकारियों की लिस्ट मीडिया में सार्वजनिक की जाती है।

सूत्रों के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया ने करीब 100 पदाधिकारी पीसीसी की बिना जानकारी के नियुक्त कर दिए हैं। इनके लैटरहैड पर उनके दस्तख़त से ये आदेश जारी हुए। संगठन को इसका पता तब चला जब ये लैटर और जानकारी तेज़ी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। 

शुरुआत हुई पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा से। उन्होंने फेसबुक पर जानकारी दी कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया है। उसके बाद सुनील चतुर्वेदी ने फेसबुक पर नियुक्ति पत्र शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें सचिव मनोनीत किया गया है। दो प्रवक्ताओं तक की नियुक्ति बावरिया के निर्देश पर ऐसे ही कर दी गयी।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए नियुक्ति पत्र कई दिन पुराने हैं लेकिन पीसीसी को अभी तक औपचारिक तौर पर भी जानकारी नहीं मिली है। एन चुनाव के समय कांग्रेस में तालमेल की ये कमी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का कंफ्यूज़न बढ़ा रही है। ये चुनाव में पार्टी को नुक़सान भी पहुंचा सकती है।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करें) या फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!