खुलासा: BJP MLA ने दी थी महिला को केरोसिन लेकर जनसुनवाई में जाने की सलाह | MP NEWS

इंदौर। इंदौर कलेक्टोरेट में हुई जनसुनवाई में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक बुजुर्ग महिला अपनी समस्या सुनाने के साथ केरोसिन और माचिस लेकर पहुंच गई। महिला के हाथ केरोसिन और माचिस देख अधिकारियों के होश उड़ गए और ताबड़तोड़ महिला से ये सामान लेकर उसकी समस्या सुनी गई। इतना ही नहीं मीडिया ने जब महिला से बात की तो उसने जो खुलासा किया वो वाकई चौंकाने वाला था। दरअसल महिला जनसुनवाई में आने से पहले विधायक उषा ठाकुर के पास गई थी। वहां विधायक उषा ठाकुर ने महिला को केरोसिन लेकर जनसुनवाई में जाने की सलाह दे डाली। इस पर महिला ने वैसा ही कर दिया।

जानकारी के मुताबिक रामबाग निवासी लीला गौड़ नामक महिला कलेक्टोरेट में होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंची। लेकिन महिला के हाथ में केरोसिन और माचिस देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। तुरंत वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने महिला से केरोसिन और माचिस छीन लिए और फिर उसकी समस्या सुनीं।

दरअसल लीला गौड़ घर की अव्यवस्थाओं की शिकायत को लेकर कई बार नगर निगम से लेकर कलेक्टर तक के चक्कर काट चुकी है। महिला साल 2004 से समस्या से जुझ रही है। लेकिन समाधान नहीं मिलने पर ये बुजुर्ग कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंची। महिला ने बताया कि अब तक कई कलेक्टर बदल गए लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जनसुनवाई में हुए घटनाक्रम के बाद एडीएम कैलाश वानखेड़े ने एक अधिकारी को महिला के घर भेजने की बात कही है। वहीं बयान के आधार पर जांच करने के निर्देश भी दिए।

ये बुजुर्ग महिला घर में बिजली नहीं होने और बरसात के कारण हो रही समस्या के अलावा पड़ोसियों के दुर्व्यवहार से परेशान है। वो लम्बे समय समय इन परेशानियों से जुझ रही है। महिला इसकी शिकायत कई बार नगर निगम और कलेक्टोरेट में भी कर चुकी है। पर समस्या हल न होने पर लीलाबाई मंगलवार को एक बोतल में केरोसिन और माचिस रखकर जनसुनवाई में पहुंच गई। महिला होमगार्ड कर्मचारी ने शंका होने पर उसका झोला चेक किया तो उसमें केरोसिन की बोतल और माचिस निकली।

भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने दी ये सलाह
महिला से जब मीडिया ने चर्चा की तो उसने अपनी समस्या के बारे में बताया। उसने ये भी बताया कि वो यहां से पहले क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर के यहां गई थी। समस्या का समाधान करने की बजाय विधायक ने उसे घासलेट और माचिस लेकर कलेक्टोरेट जाने की सलाह दे डाली। बुजुर्ग महिला ने भी उसके मुताबिक ही कदम उठाया और जनसुनवाई में पहुंच गई।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !