मप्र के 6 जिले आंधी-बारिश की चपेट में, सीएम शिवराज सिंह का कार्यक्रम निरस्त

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री मानसून ने दस्तक दी है। शुक्रवार को दोपहर बाद भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट समेत कई जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। छिंदवाड़ा में धूलभरी तेज आंधी से सीएम शिवराज सिंह चौहान का कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्री मानसून की बारिश है। केरल तक पहुंचे मानसून की रफ्तार हालात के अनुकूल बनी हुई है। उनका दावा है कि मध्य प्रदेश में मानसून जून के पहले हफ्ते में या उसके आसपास पहुंच सकता है। ऐसा हुआ तो यह करीब 5 साल बाद होगा। इससे पहले 2013 में मानसून ने तय समय से पहले प्रदेश में दस्तक दी थी।

छिंदवाड़ा में उड़ा शिवराज सिंह के कार्यक्रम का तंबू


छिंदवाड़ा में सीएम शिवराज सिंह चौहान का कार्यक्रम धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की वजह से निरस्त कर दिया गया। उन्हें वहां अमरबाड़ा में तेंदुपत्ता संग्राहक सम्मेलन में शामिल होना था। कार्यक्रम की सारी तैयारियां कर ली गई थीं, लेकिन तेज आंधी व तूफान से टेंट और तंबू उखड़कर उड़ गए। इसके चलते कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। छिंदवाडा कलेक्टर वेद प्रकाश ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त होने की पुष्टि की है।

बैतूल में तेज आंधी के साथ बारिश

बैतूल में 50 मिनट तक तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन पेड़ गिरे और आंधी से छप्पर भी उड़ गए। बाजार में तेज आंधी चलने की वजह से आजाद वार्ड निवासी वीरेंद्र बारेण्डिया के मकान पर वर्षों पुराना बड़ा नीम का पेड़ गिर गया। इससे मकान के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वार्ड में बिजली सप्लाई बंद हो गई। बारिश से शहर में कई जगह पानी भर गया।

बारिश से मंडी में रखा गेहूं भीगा

बारिश के चलते बैतूल कृषि उपज मंडी में शेड के बाहर रखा अनाज भीग गया। हड़ताल के चलते एक तरफ आज ज्यादा किसानों ने मंडियों का रुख नहीं किया वहीं जो अनाज पहले से मंडियों में रखा था वो खराब हो गया। अचानक हुई बारिश के कारण मंडी में अफरातफरी मच गई। जो किसान और व्यापारी मंडी में मौजूद थे वे अपने अनाज को भीगने से बचाने के लिए जद्दोजहद में जुट गए। बावजूद इसके किसानों का अनाज गीला हो गया।

मध्यप्रदेश में मौसम का पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला का कहना है कि पूर्व अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में कमी होगी। प्रदेश में लू के हालात भी नहीं बनेंगे। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मध्य प्रदेश में मानसून जून के पहले हफ्ते में दस्तक दे सकता है। वैसे 13 जून को प्रदेश में मानसून आने की संभावना जताई गई है। वहीं, भोपाल में पिछले 2 दिन से तापमान 43 डिग्री से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार को भी राजधानी के मौसम में बदलाव आया। यहां तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, आसमान में बादल छाए रहे।
BHOPAL SAMACHAR | HINDI NEWS का 
MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए 
प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !