उज्जैन-घट्टिया। मप्र में वर्ग संघर्ष बढ़ता जा रहा है। शाजापुर पुलिस लाइन में तैनात एक युवा आरक्षक ने अपनी बारात में उस समय घूमर गाना बजवाया जबकि बारात राममंदिर के निकट पहुंचने वाली थी। इसी क्षेत्र में कुछ ऐसे लोगों के घर थे जिन्होंने फिल्म पद्मावती का विरोध किया था। पुलिस को संदेह है कि घूमर गाना बजाए जाने से वो चिड़ गए और उन्होंने बारात पर पथराव कर दिया। बारातियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के राजपूतों ने पत्थर मारे और दो बारातियों को बंधक भी बनाया। पथराव में दो लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार रामप्रसाद पिता नारायण निवासी मारूखेड़ा थाना राघवी का विवाह सोना पिता लक्ष्मण निवासी घट्टिया से तय हुआ था। रात में घट्टिया में बारात निकाली जा रही थी। इस दौरान बारात में घूमर गीत बजाया गया। राम मंदिर के पास से बारात गुजरी तो पथराव शुरू हो गया। इससे अफरा-तफरी मची और बाराती भागने लगे। दो लोग को चोट भी पहुंची। मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दूल्हे ने एसपी को लगाया फोन
पथराव शुरू होते ही आरक्षक दूल्हे ने एसपी सचिन अतुलकर को फोन लगाया। इस पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालांकि कुछ देर बाद पथराव बंद हो गया। बारातियों ने आरोप लगाया कि उनके दो लोगों को बंधक भी बनाया गया।