शिवराज से रूठी जनता को कैसे मनाएं, RSS ने BJP के 3 स्पेशलिस्ट से पूछा | MP NEWS

भोपाल। शारदा बिहार विद्यालय परिसर में भाजपा संगठन, शिवराज सिंह चौहान सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक हुई। इस बैठक में भाजपा संगठन की ओर से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा को बुलाया गया। सीएम शिवराज सिंह ने हमेशा की तरह योजनाओं का निबंध सुनाया। संघ ने सवाल किया कि यदि इतना ही सबकुछ अच्छा हो रहा है तो जनता नाराज क्यों है। फिर तीनों नेताओं से सवाल किया गया और कहा गया कि वो ऐसा रास्ता सुझाएं जिससे सबकुछ सामान्य हो जाए। 

बैठक में संघ की ओर से कृष्ण गोपाल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष प्रभात झा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस समन्वय बैठक में हिस्सा लिया। मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, यह समन्वय बैठक थी, इसका एजेंडा किसी को पता नहीं होता, इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष पर कोई चर्चा नहीं हुई।

लोग सरकार के फैसलों से खुश नहीं 
ज्ञात हो कि राज्य में सरकार के तमाम फैसले उलटे पड़ रहे हैं। कर्मचारी, किसान, मजदूर और अन्य वर्ग सरकार के फैसलों से खुश नहीं हो पाए हैं। आंदोलनों का दौर चल रहा है। वहीं पिछले दिनों हुए दो विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले अटेर व चित्रकूट का उपचुनाव भी भाजपा हार गई थी। 

सरकार की योजनाएं, सुविधाओं का किया जिक्र
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में संगठन के लोगों ने अपनी बात रखी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार की योजनाएं और लोगों को दी जा रही सुविधाओं का जिक्र किया। वहीं संघ का सवाल था कि, इतना कुछ होने के बाद भी सरकार के खिलाफ असंतोष क्यों पनप रहा है? आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !