सेवा समाप्ति से बेपरवाह संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल जारी | EMPLOYEE NEWS

भोपाल। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है और वे चेतावनी के बाद भी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही मांगों के निराकरण नहीं होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही जा रही है। अब संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने व्हीलचेयर व बैसाखी के साथ अपना विरोध जताया है।

संविदा स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि कर्मचारियों को पोलियो की तरह संविदा नियुक्ति देकर अपाहिज कर दिया गया है। उस पर मंगलवार तक अगर कर्मचारी हड़ताल खत्म नहीं करते हैं तो उनकी नौकरी भी जा सकती है। सरकार लगातार हड़ताल समाप्त करने का दबाव बना रही है क्योंकि वह नहीं चाहती है कि सरकार के खिलाफ मुखर होकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी बात रखें।

यही कारण है कि लगातार नोटिस पर नोटिस दिए जा रहे हैं। और उन्हे नौकरी से बर्खास्त करने की बात भी सामने आ रही है। वहीं संविदा स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि, हम पीछे हटने वाले नहीं हैं हड़ताल कल भी जारी थी हड़ताल आज भी जारी है और हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक उनकी मांगे मानी नहीं जाएंगी।

गौरतलब है कि, प्रदेश भर में करीब 19000 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर हैं। संविदा स्वास्थ्यकर्मी नियमितीकरण और निकाले गए कर्मचारियों को फिर सेवा में लेने की मांग कर रहे हैं।  कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पतालों में भी मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि हड़ताल के दौरान बिगड़ती स्थिति को संभालने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बातचीत की है, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकल सका है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि यदि हड़ताल समाप्त कर काम पर नहीं लौटते हैं तो फिर आपकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। 

बावजूद इसके प्रदर्शनकारी लगातार विरोध कर रहे हैं संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि मध्य प्रदेश की सरकार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को भावंतर योजना की तरह भंवर में उलझा रही है लेकिन हम किसी भी झांसे में आने वाले नहीं है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !