भोपाल, 5 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश की छह बिजली कंपनियों में कार्यरत 45 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों ने आज हड़ताल का फाइनल अल्टीमेटम दे दिया। सरल शब्दों में, उन्होंने अपने कंपनी मैनेजमेंट को मैसेज कर दिया है कि, लास्ट टाइम बातचीत करने आए हैं, यदि अभी भी अपनी अकड़ में रहे तो 7 और 8 नवंबर को दीवाली के दौरान दो दिवसीय हड़ताल होगी।
भोपाल वालों को आश्वासन मिल गया है
कर्मचारी संगठनों के इस अल्टीमेटम के बाद प्रबंधन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। 04 नवंबर को मध्य क्षेत्र बिजली कंपनी के निष्ठा परिसर, गोविंदपुरा (भोपाल) में आयोजित बैठक में कर्मचारियों की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार 05 नवंबर को जबलपुर में बैठक होना प्रस्तावित है, जिसके बाद इंदौर (पश्चिम क्षेत्र) की बैठक आयोजित की जाएगी।
आश्वासन तो पहले भी मिलता रहा है
मध्य प्रदेश राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ समेत विभिन्न संगठनों का कहना है कि पूर्व में भी वार्तालाप के दौरान मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन आज तक उनका कोई स्थायी निराकरण नहीं हुआ और कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। कर्मचारी प्रतिनिधियों का मानना है कि बैठकों में सहमति बनना और उनके आधिकारिक आदेश जारी होकर कर्मचारियों को लाभ मिलना अलग-अलग बातें हैं, क्योंकि बीते समय में जारी आदेशों का लाभ आउटसोर्स कर्मचारियों तक कभी नहीं पहुंच सका।
आदेश जारी नहीं हुआ तो हड़ताल
कर्मचारियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि बैठकों में बनी सहमतियों के आधार पर लिखित आदेश जारी कर लाभ प्रदान किया जाता है या यह प्रक्रिया फिर से आश्वासन तक सीमित रह जाती है। यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो प्रदेशव्यापी काम बंद आंदोलन तय माना जा रहा है।

