इन्होने मनरेगा बंद कर दी, ये क्या जनकल्याण करेंगे: RAHUL GANDHI @ PUNJAB ELECTION

जलालाबाद/फाजिल्का। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार को लेकर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि केवल बातों से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता। वह एक ओर भ्रष्टाचार खत्म करने की बात करते हैं और दूसरी ओर सुखबीर बादल के साथ खड़े हैं।

राहुल गांधी जलालाबाद में कांग्रेस की रैली काे संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरुनानक जी कहते थे सब तेरा-तेरा, बादल कहते हैं सब मेरा-मेरा। पंजाब को बादलों ने अपना बिजनेस बनाया। टीवी, बस, शराब हर उद्योग में बादलों ने जबरन हिस्सेदारी डाली। बादल हर किसी से अपना हिस्सा मांगते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बिना रिश्वत के सरकारी नौकरी नहीं मिलती। मोदी सरकार ने जन कल्याण के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इस सरकार ने बस मनमाेहन सिंह की सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा जैसी योजनाओं को बंद करने का काम ही किया।

पंजाब विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी का शनिवार को पंजाब में चुनावी दौरे का दूसरा दिन है। रैली मेंं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व सांसद नवजोतसिंह सिद्धू भी मौजूद थे। जलालाबाद में कांग्रेस के उम्मीदवार रवनीतसिंह बिट्टू हैं। बिट्टू लुधियाना से सांसद हैं और जलालाबाद विधानसभा सीट पर उपमुख्यमंत्री सुखबीरसिंह बादल काे चुनौती दे रहे हैं।

जलालाबाद से आम आदमी पार्टी के भगवंत मान भी चुनाव लड़ रहे हैं। रैली में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी भी मौजूद हैं। राहुल गांधी शनिवार को तीन और रैलियाें को संबोधित करेंगे। उन्होंने शुक्रवार काे मजीठा, रामामंडी और ब‍ठिंडा शहर में रै‍लियाें को संबोधित किया था।

जलालाबाद रैली को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदरसिंह, नवजोतसिंह सिद्धू और पंजाब कांग्रेस की प्रभारी अाशा कुमारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा‍ कि लंबी में मचाई लूट पर प्रकाश बादल माफी मांग र‍हे हैं, लेकिन इस बार माफी नहीं मिलने वाली।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह मेरा आखिरी चुनाव है और इसमें अकाली दल को पूरी तरह उखाड़ जाऊंगा। उन्होंने बादल-पिता पुत्र पर एक के बाद एक निशाने साधे। उन्होंने कहा कि बादलों को चुनाव मेें हार के बाद उनके गोलमाल के लिए सजा दिलाऊंगा।

कैप्टन अमरिंदरसिंह ने कहा कि अकाली दल ने प्रदेश की जनता को बहुत दुखी किया है। उन्होंने लोगों से कहा, मैं लंबी में बड़े बादल को ठीक कर रहा हूं, अाप यहां से सुखबीर बादल को ठीक कर दो। बादलों काे मैं अागे भी ठीक करता रहूंगा।

उन्होंने कहा कि बादल ने पांच लाख लोगों के खिलाफ झूठे पर्चे दर्ज कराए। सभी को खारिज करवाऊंगा। बरगाड़ी कांड आैर गीता जलाने की बादलों की साजिश थी। इसके लिए भी उनको सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 90 साल का हो गया बादल, लेकिन शर्म नहीं आती। अगर बरगाड़ी कांड में बादल का हाथ निकला तो उनकी उम्र का लिहाज नहीं करूंगा और जेल में डालूंगा।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि जोक सुनाने वाला भगवंत मान और घुग्गी पंजाब कैसे संभालेंगे। दिल्ली में केजरीवाल ने लोगों का बुरा हाल किया है। वहां रह रहे अपने रिश्तेदारों से फोन कर के पूछो कि वहां का क्या हाल इस केजरीवाल ने कर दिया है।

उन्होंने कहा कि केजरीवल झूठा आदमी है। अाप की सरकार बनी तो पंजाब कभी उठ नहीं पाएगा। बादल को तो भुगत लिया, आप आई तो पंजाब का बेड़ा गर्क हो जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने संबोधन में अकाली दल पर जमकर हमले किए।

नवजोतसिंह सिद्धू ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे और पंजाब फिर अपनी गरिमा प्राप्त करेगा। उन्होंने खुद को मिट्टी का ढेला बताया। उन्होंने कहा कि कैप्टन साहब पंजाब के भावी सीएम हैं और मैं उनका सिपाही हूं। उन्होंने रवनीतसिंह बिट्टू को शेर बताया और कहा कि रवनीत यहां से जीत हासिल कर सुखबीर बादल को धूल चटाएंगे।

सिद्धू ने कहा कि अकाली दल आने वाले दिनों में खाली दल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में बादल साहिब हाथ जाेड़ कर और मुंह बनाकर खड़े हो जाते हैं, लेकिन इस बार यह नहीं चलने वाला है। बादल साहब का हाल है 10 प्रतिशत सेवा और 90 प्रतिशत मेवा।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !