रमज़ान खान/बटियागढ़। क्षेत्र में गाज गिरने से मरने वालों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। हल्की सी बारिश होते ही ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार गाज गिरने की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। जिससे क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग काफी दहशत महसूस कर रहे हैं। शुक्रवार को भी तहसील के सकतपुर ग्राम से गाज गिरने की घटना सामने आई है।
ग्राम के सरपंच मेघराज पटेल ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे पानी की हल्की सी बूंदा बांदी हो रही थी। ग्राम की महिला संतोषरानी पति बारेलाल रैकवार 36 अपने घर से खेत पर मवेशियों को बांधने जा रही थी। तभी महिला के घर से कुछ ही दूरी पर गाज गिर गई। गाज की चपेट में आने से महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पीएम ही नहीं कराया
सकतपुर ग्राम के अर्जुन ने बताया कि जैसे गाज गिरने की घटना घटित हुई और तुरंत ही ग्रामीणों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी और शाम 6 बजे डायल 100 की गाड़ी गांव में आई और कागज़ी खाना पूर्ति करके चली गई। किसी ने भी पीएम कराने की सुध नही ली जिससे मृतक महिला का शव घर पर ही रखा है। ग्रामीणों ने बताया कि आये दिन गाज गिर रही है जिससे हम घर में भी अपने आपको सुरक्षित नही समझ रहे है। बारिश होते ही हम गांव वालों को गाज गिरने का खतरा बना रहता है।