नईदिल्ली। हरियाणा सरकार अब गौ रक्षकों का पुलिस वेरिफिकेशन कराएगी। सरकार उन्हें आईडी कार्ड जारी करने पर भी विचार कर रही है। हरियाणा सरकार के 'गो सेवा आयोग' ने कहा कि इस कदम से असामाजिक तत्वों को गो रक्षा के नाम पर वसूली करने और लोगों का उत्पीड़न करने से रोका जा सकेगा। गो सेवा आयोग, राज्य में गायों की रक्षा के लिए गतिविधियां संचालित करता है।
आयोग के अध्यक्ष भानी राम मंगल ने कहा कि हमने राज्य में काम कर रहे सभी गो रक्षक दलों के सदस्यों का पुलिस से सत्यापन कराने का निर्णय किया है। एक बार सत्यापन होने पर हम उन्हें परिचय पत्र जारी कर सकते हैं जो उनकी पहचान सुनिश्चित करेगा।
मंगल ने कहा कि गो रक्षक दल, गायों की तस्करी या बूचडखाने ले जाई जा रही गायों के बारे में पता चलने पर केवल पुलिस को सूचित करेंगे। वे कानून अपने हाथों में नहीं लेंगे। गो तस्करों पर कार्रवाई करना पुलिस का काम है।