
जल्द ही ऐश्वर्या खरे और उनकी टीम के कुछ साथी इंडोनेशिया में शो के प्रमोशन के लिए भी जाएंगे। 'विष कन्या' इंडोनेशियाई लोगों को बेहद पसंद आ रहा था। जिसके चलते इंडोनेशियाई टीवी कंपनी ने इसे खरीदा है। गौरतलब है कि लाइफ ओके चैनल सीरियल 'जाने क्या होगा रामा रे' में ऐश्वर्या रश्मि नामक अहम किरदार निभा चुकी है।
शुरू से पढ़ाई में अच्छी हैं ऐश्वर्या
भोपाल में रहने वाली ऐश्वर्या सेंट थेरेसा स्कूल से पढ़ी हैं। ऐश्वर्या शुरू से ही पढ़ाई में अच्छी रही हैं। उसका जितना ध्यान मॉडलिंग तथा थिएटर क्षेत्र में था उतना ही पढ़ाई में रहा। मशहूर अभिनेता जावेद खान से भी ऐश्वर्या खरे ने अभिनय के टिप्स सीखे। मिस एमपी का खिताब जीत चुकी ऐश्वर्या को सबसे पहला ब्रेक दो साल पहले नवरात्रि में ही जाने-माने निर्देशक लाल विजय शाहदेव ने दूरदर्शन के सीरियल ये शादी है या सौदा में लीड रोल के रूप में दिया। देश में लड़कियों को शादी के नाम पर बेचने के खिलाफ आवाज उठाने वाली लड़की अंबिका के रूप में ऐश्वर्या को पूरे देश में अच्छी ख्याति मिली। इस सीरियल के 260 एपीसोड प्रसारित किए गए और इसी के साथ उसके मुंबई में कदम भी जम गए।
फैमिली का सपोर्ट बना ताकत
ऐश्वर्या ने बताया कि मेरी मम्मी शुभ्रा खरे आकाशवाणी में एनाउंसर और एक्ट्रेस है। मेरे पापा रवि खरे और मेरी छोटी बहन चीनी भजन गायक है। घर में संगीत, कला का माहौल मिला। बचपन से ही मुझे एक्टिंग, मॉडलिंग और डांस का इंट्रेस्ट रहा। फैमिली के सपोर्ट से मैंने अपने पैशन को आगे बढ़ाया। मुंबई में बैचलर ऑफ मास मीडिया कोर्स कर रही थी।
फैंस के फेसबुक पर कमेंट्स और मैसेज भी आते हैं
ऐश्वर्या बताती हैं कि 6 महीने बाद मुझे दूरदर्शन के सीरियल ये शादी है या सौदा में लीड रोल मिल गया। उसके बाद जाने क्या होगा रामा रे और अब विष कन्या कर रही हूं। काफी एक्साइटेड हूं कि मेरे शो को इंडोनेशिया में टेलीकॉस्ट किया जाएगा। वहां के फैंस के फेसबुक पर कमेंट्स और मैसेज भी आते हैं। शो के डायरेक्टर ने बताया कि विष कन्या भारत के साथ इंडोनेशिया में भी उतना ही पॉपुलर है।