निकाय चुनाव: कांग्रेस में जश्न, भाजपा में जिक्र तक नहीं

भोपाल। मप्र के 3 निकायों में हुए चुनाव के परिणाम आने के बाद जहां कांग्रेस कार्यालय में जश्न का माहौल बना वहीं भाजपा में इसका जिक्र तक नहीं किया गया। आज का दिन भाजपा प्रदेश कार्यालय में कुछ इस तरह गुजारा गया जैसे कुछ हुआ ही ना हो। भाजपा मीडिया सेंटर ने जनता के निर्णय को स्वीकार करने वाला बयान तक जारी नहीं किया। 

इधर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों मैहर, ईशागढ़ और मंडीदीप के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के अधिकृत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के विजयी होने एवं तीनों स्थानों पर कांग्रेस की परिषद बनने पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जश्न मनाया गया, ढोल-ढमाकों के साथ मिष्ठान वितरण और आतिशबाजी की गई। कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरूण यादव को भी मिष्ठान खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी के एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने घोषित परिणामों को स्थानीय जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने इन चुनावों में सरकारी तंत्र, धन-बल-बाहुबल का दुरूपयोग करते हुए जो षड्यंत्रकारी हथकंडे अपनाये, जागरूक जनता ने उनको घता बताते हुए राज्य सरकार और भाजपा के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि इन चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस इन तीनों ही स्थानों पर जनाकांक्षाओं पर खरी साबित होगी। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!