भोपाल। रीवा के त्योंथर जनपद पंचायत की अध्यक्ष गीता मांझी ने सीईओ जितेंद्र जैन के खिलाफ गंभीर आरोप लगा दिए हैं। मांझी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान से लेकर मुख्य सचिव तक को चिट्ठी लिखकर कहा है कि सीईओ बार-बार मुझे मेरी जाति का अहसास कराकर अपमानित करते हैं। व्यक्तिगत टिप्पणी कर खिल्ली भी उड़ाते हैं। मैं आहत हूं। क्या करूं, पद से इस्तीफा दे दूं या आत्महत्या कर लूं।
मांझी के इन आरोपों को सीईओ जैन ने तो सिरे से खारिज कर दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि जनपद अध्यक्ष ने इन स्थितियों के बाद से जनपद कार्यालय ही जाना छोड़ दिया। गीता मांझी भाजपा नेता भी हैं। इसीलिए पहले उन्होंने भाजपा के रीवा संभाग के संगठन मंत्री को शिकायत की। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो कलेक्टर और फिर कमिश्नर को पूरी जानकारी दी।
संभाग स्तर पर जब मसला जस का तस रहा, तब जाकर उन्होंने मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बाद मुख्य सचिव और विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा। इस पत्र के बाद सीईओ से जवाब-तलब किए जाने की तैयारी है।
....................
10-15 दिन पहले समझौता हो गया है। बीच में कुछ परिस्थितियां ठीक नहीं थी जो अब सुधर गई हैं। जनपद अध्यक्ष बीमार हैं, अपनी पथरी का इलाज कराकर आराम कर रही हैं। उनके आवास पर जाकर काम करते हैं। उन्हें मेरे काम करने का तरीका ठीक नहीं लगता था। मैं नियम-कायदे में ही काम करता हूं। इसे राजनीतिक जामा पहना दिया गया है।
जितेंद्र जैन, सीईओ
