इंदौर। एक गाड़ियों के शोरूम में आग लगने से करीब सात वाहन जलकर खाक हो गए. आग पर काबू पाने में दमकल को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. फिलहाल आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो सका है.
जानकारी के मुताबिक, इंदौर-सांवेर रोड पर स्थित रिद्धी-सिद्धी शो रूम में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे आग लग गई. शोरूम से लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल को दी.
दमकल के पहुंचने तक आग ने कई वाहनों को अपने चपेट में लेते हुए भीषण रूप ले लिया. दमकलकर्मी करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके.
इस घटना में शोरूम में रखे सात वाहन जलकर खाक हो गए. हालांकि, राहत की बात ये रही कि हादसे में कोई जनहानी नहीं हुई.
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. वहीं बाणगंगा थाना पुलिस घटनास्थल की जांच करने में जुट गई है.
