जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से समय-समय पर आदेश जारी हुए इसके बावजूद नगर परिषद कैमोर कटनी के निलंबित प्रभारी सीएमओ दयाराम मिश्रा को आश्चर्यजनक तरीके से सेवा में बहाल रखते हुए नगर परिषद शाहपुरा डिंडौरी स्थानांतरित कर दिया गया। कटनी निवासी रविशंकर दुबे ने आश्चर्यपूर्वक यह आरोप लगाते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने इस संबंध में लोकायुक्त के अलावा मुख्यमंत्री व मुख्यसचिव को भी शिकायतें भेजी हैं, जिनके साथ हाईकोर्ट के विभिन्न आदेश-पत्रों को संलग्न किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि प्रभारी सीएमओ के खिलाफ वर्तमान में याचिका विचाराधीन होने के कारण निलंबन यथावत है। इस स्थिति में नियमानुसार ट्रांसफर नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद ऐसा किया गया। इससे साफ है कि प्रभारी सीएमओ की आला अधिकारियों तक पहुंच के कारण उसे लगातार बचाया जा रहा है।
