भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश का कोई भी निगम मंडल बंद नहीं होगा। मैं अपने इस फैसले पर कायम हूं और मैंने पाया है कि निगम मंडल के कर्मचारियों ने अपनी मेहनत से अपने काम में सिद्धता हासिल की है। इसके लाभांश चेक मेरे पास आते रहते हैं। निगम मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों की जो समस्याएं होंगी, उनका अध्ययन कर मैं उनका निराकरण कर दूंगा पर अगर आंदोलन किया तो मैं अड़ जाता हूं और किसी की नहीं सुनता। इसलिए आंदोलन के बारे में न सोचें तो बेहतर रहेगा।
सीएम चौहान ने मंगलवार को ये बातें समन्वय भवन में निगम मंडलों की मप्र के स्वर्णिम विकास में भूमिका विषय पर आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मैंने कभी मुख्यमंत्री और कर्मचारी में भेद नहीं किया है। हम टीम मध्यप्रदेश हैं। हमारा व्यवहार भाई-बहन जैसा है। उन्होंने कहा कि निगम मंडलों के अधिकारियों व कर्मचारियों की जो समस्याएँ हों वे आज की कार्यशाला के बाद उन्हें सौंपी जाएंगी। उसका अध्ययन कर मैं निराकरण करूंगा और जो समस्याएं लंबित रह जाएगी उन्हें हम आने वाले समय में निराकृत करने का प्रयास करेंगे।