इंदौर। एक्साइज ड्यूटी के विरोध में जारी आंदोलन के तहत सराफा व्यापारियों ने बुधवार को सामूहिक रूप से भाजपा की सदस्यता छोड़ी। छोटा सराफा में इकट्ठा हुए 950 व्यापारियों ने भाजपा छोड़ने के शपथपत्र भरे।
व्यापारी एसोसिएशन की ओर से भाजपा छोड़ने के लिए छपवाए गए शपथ पत्र में संबंधित व्यापारी के नाम की जानकारी के साथ ही लिखा गया था कि एक्साइज ड्यूटी के विरोध में मैं खुद भाजपा की सदस्यता छोड़ रहा हूं। साथ ही मेरा परिवार भी न तो पार्टी को सहयोग करेगा, न ही चुनावों में भाजपा को वोट देगा।
सदस्यता के साथ पद भी छोड़े
एसोसिएशन के बसंत सोनी और मंत्री अविनाश शास्त्री के अनुसार कई व्यापारियों को भाजयुमो और संगठन में भी पद मिले थे। उन्होंने प्राथमिक सदस्यता के साथ पद भी छोड़ दिए हैं। इसमें ऐसे व्यापारी भी हैं जो संघ के सक्रिय स्वयंसेवक हैं।
जारी रहेगी हड़ताल
इस बीच मुंबई में हुई जेम्स एंड ज्वेलरी फेडरेशन की बैठक में मप्र अध्यक्ष हुकुम सोनी ने भाग लिया। फेडरेशन ने बैठक में चर्चा के बाद तय किया कि सराफा बाजार की हड़ताल जारी रहेगी। 4 अप्रैल तक बाजार बंद ही रहेंगे।
