भोपाल। यूं तो मार्च खत्म हो गया है। हर घर में उसकी जरूरत के अनुसार केलेंडर मौजूद है परंतु यदि आपने भाजपा को वोट दिया है या आप भाजपा विधायक या भाजपा कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं तो तैयार हो जाइए। आपको एक और केलेंडर खरीदना पड़ेगा। कीमत है 25 रुपए, लेकिन इसमें आपके काम की जानकारी नहीं होगी। भाजपा का यशोगान होगा।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक और सांसद अब देशभर में कैलेंडर बेचेंगे। इससे प्राप्त होने वाली राशि को वे पार्टी के कोष में जमा करेंगे। देशभर में 25 सितंबर से भाजपा अपने पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष की जन्मशताब्दी वर्ष मनाने जा रही है। जिसको लेकर पार्टी ने दीनदयाल उपाध्याय पर विशेष कंटेट के साथ कैलेंडर छपवाए हैं। जिनको विधानसभा क्षेत्रों में बेचा जाएगा।
भाजपा के मध्यप्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने बताया कि ये कैलेंडर 25 रुपए कीमत में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बेचने के लिए दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी प्रभारी ने पंडित उपाध्याय की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर विधायक को 10 हजार कैलेंडर बेचने का टारगेट दिया है। इसके अलावा पार्टी नेतृत्व ने विधायक समेत अन्य कार्यकर्ताओं को भी अलग-अलग टारगेट दिए हैं।