इंदौर। आईआईएम इंदौर (भारतीय प्रबंध संस्थान) ने ड्रग्स लेने वाले 10 छात्रों को एक सेमेस्टर के लिए सस्पेंड कर दिया है। एक छात्र को सीधे बर्खास्त कर दिया गया। यह कार्रवाई आईएमएम प्रबंधन ने कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की।
साथ ही प्रबंधन ने अन्य छात्रों को सख्त संदेश भी दिया कि दोबारा इस तरह की घटना होती है तो इससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन छात्रों पर कार्रवाई हुई है, वे सभी आईपीएम (इंटिग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट) के छात्र थे। आगे से इस तरह की घटना न हो इसके लिए प्रबंधन ने नई गाइडलाइन पर भी विचार शुरू कर दिया है। इसमें छात्रों पर और सख्ती की जाएगी।
प्रबंधन करेगा पुलिस से चर्चा, कौन बेच रहा है ड्रग्स?
आईएमएम प्रबंधन इस मामले में जल्द ही पुलिस प्रबंधन को पत्र लिखेगा। इसमें कहा जाएगा कि आखिर छात्रों तक ड्रग्स आसानी से कैसे पहुंचती है। पुलिस राऊ और आसपास के क्षेत्रों में फैले ड्रग्स के रैकेट को तोड़ क्यों नहीं पा रही है। क्योंकि पिछले चार साल से ड्रग्स खुलेआम बिक रहा है।
कार्रवाई कर दी है
प्रबंधन ने कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 10 छात्रों को सस्पेंड कर दिया है। एक छात्र को बर्खास्त किया गया है। इससे ज्यादा इस मामले में कुछ भी नहीं कहा जा सकता। - अख्तर परवेज, प्रवक्ता आईआईएम, इंदौर
