अटका हुआ है 60 हजार अध्यापकों का वेतन

Updesh Awasthee
भोपाल। भोपाल के 800 सहित प्रदेश के करीब 60 हजार अध्यापकों को नवंबर माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। इनके साथ ही शेष अध्यापकों को भी दिसंबर माह का वेतन मिलने की उम्मीद नहीं है। क्योंकि जिलों में वेतन मद में पैसा ही नहीं है। उधर, वेतन न मिलने से अध्यापक परेशान हैं।

अध्यापक छठे वेतनमान की लड़ाई तो जीत गए हैं, लेकिन वेतन नहीं मिलने से परेशान हैं। नवंबर का वेतन अध्यापकों को एक दिसंबर को मिलना था, लेकिन वेतन मद में पैसा न होने से संकुल स्तर से वेतन बिल ही तैयार नहीं हुए हैं। कुछ स्कूलों ने कोषालयों में बिल भेज भी दिए थे, जो लौटा दिए गए। साथ ही कोषालयों ने हिदायत दी कि वेतन मद में पैसा आने तक बिल न भेजें। इसलिए संकुल स्कूल बिल ही नहीं बना रहे हैं।

ऐसे हो रहे परेशान
दो माह से वेतन न मिलने से अध्यापकों के बुरे हाल हैं। उन्हें दूसरों से आर्थिक सहयोग लेना पड़ रहा है। उन्हें यह भी डर सता रहा है कि वर्तमान माह दिसंबर का वेतन भी समय पर मिलेगा या नहीं। क्योंकि वेतन मद में राशि न होने से संकुल प्राचार्यों ने अब तक वेतन बिल बनाना शुरू नहीं किया है। सामान्यतौर पर माह की 20 तारीख के बाद बिल बनना शुरू हो जाते हैं।

अध्यापकों ने की मांग
अध्यापक संगठनों ने आयुक्त लोक शिक्षण से रुका वेतन दिलाने की मांग की है। इसे लेकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया है। उनसे यह भी मांग की गई है कि भविष्य में वेतन निर्धारित तारीख तक दिला दिया जाए।

बजट की कमी के कारण वेतन अटक गया था। सप्लीमेंट्री बजट में 650 करोड़ रुपए मिल गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों से वेतन जारी करने को कह दिया है। अध्यापकों को जल्द ही वेतन मिल जाएगा।
ज्योति गोलाइट, अपर संचालक वित्त लोक शिक्षण संचालनालय

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!