9वीं और 11वीं का परीक्षा कार्यक्रम घोषित

Updesh Awasthee
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग ने नौवीं और 11वीं का परीक्षा कार्यक्रम मंगलवार को घोषित कर दिया। नौवीं की परीक्षा 2 और 11वीं की एक मार्च से शुरू होगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे रहेगा। दोनों परीक्षाओं में 18.50 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।

प्रदेश में पहली बार नौवीं से 12वीं तक की परीक्षाएं एक साथ कराई जा रही हैं। सुबह की शिफ्ट में 8ः30 से 11ः30 बजे तक हाईस्कूल व हायर सेकंडरी और दोपहर की शिफ्ट में 2 से शाम 5 बजे तक नौवीं और 11वीं की परीक्षा कराई जाएंगी। परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर कराई जाना है। इसलिए संभागीय संयुक्त संचालक (लोक शिक्षण) को विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

दोनों परीक्षाओं के पेपर मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल तैयार कर रहा है और पेपर राज्य मुख्यालय से ही भेजे जाएंगे। लोक शिक्षण संचालनालय और मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 9वीं व 10वीं और 11वीं व 12वीं का परीक्षा कार्यक्रम एक जैसा बनाया है ताकि पेपर हल कराने में चूक न हो। जिस सुबह 10वीं के छात्र गणित का पेपर हल करेंगे, उसी दोपहर 9वीं के छात्र गणित की परीक्षा देंगे। ऐसा सभी विषयों के पेपर में होगा।

कम समय में परीक्षा निपटाने की कवायद
ऐसा पहला मौका है, जब नौवीं से 12वीं तक परीक्षाएं एक साथ कराई जा रही हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने समय बचाने के लिए यह प्रयोग किया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि ऐसा करने से वे रिजल्ट जल्दी दे पाएंगे और बच्चों एवं अधिकारियों को परीक्षा के तनाव का सामना भी कम करना पड़ेगा। यदि प्रयोग सफल रहा, तो अगले साल से चारों परीक्षाएं एक साथ ही कराई जाएंगी।

यह दिक्कत आ सकती है
जानकारों का कहना है कि एक ही समय पर दो परीक्षाएं कराने से शिक्षकों की ड्यूटी लगाने में दिक्कत आ सकती है। क्योंकि 10वीं और 12वीं की परीक्षा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी, जबकि 9वीं और 11वीं की लोकल परीक्षा है। यह दोनों परीक्षाएं उसी स्कूल में कराई जाती हैं, जिसमें विद्यार्थी पढ़ रहा है। ऐसे में एक ही शिक्षक दो जगह ड्यूटी नहीं कर सकता है।

31 तक भर सकेंगे फार्म
हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी के परीक्षा फार्म जमा करने के लिए दो दिन शेष हैं। 31 दिसंबर के बाद मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल फार्म नहीं लेगा। यह सुविधा सिर्फ प्राइवेट छात्रों के लिए है। वे 5 हजार अतिरिक्त शुल्क देकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

मंडल के प्रवक्ता एसके चौरसिया ने बताया कि प्राइवेट छात्रों से 12 अगस्त तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फार्म लिए गए थे। इसके बाद बिलंव शुल्क के साथ फार्म मांगे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर तक फार्म लिए जाएंगे। इसके बाद मंडल फार्म नहीं लेगा। श्री चौरसिया के मुताबिक छात्र एमपी ऑनलाइन के माध्यम से फार्म जमा कर सकते हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!