भोपाल। गांव और छोटे शहरों से कई बेरोजगार हर रोज अच्छे करियर की तलाश में भोपाल आते हैं परंतु भोपाल भी बड़ा जिद्दी है, सबको आसानी से अपनी आगोश में नहीं लेता। कुछ ऐसी ही निराशा एक युवक के हाथ भी लगी लेकिन उसने भोपाल नहीं छोड़ा। चोरी करना शुरू कर दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सेवनियां गांव में एक युवक मैकेनिक के पास एक बाइक खड़ी करके गया था लेकिन काफी दिन हो जाने के बावजूद वो बाइक लेने नहीं आया। संदेह होने पर जब पुलिस ने बाइक मालिक से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसने यह बाइक पिपलिया छपरबंद, परवलिया निवासी राजू अहिरवार से 3 हजार में खरीदी है। इसके बाद पुलिस ने राजू को ढूंढकर उससे पूछताछ की तो उसने सारे राज खोल दिए।
पुलिस के मुताबिक राजू पुताई और प्लंबर का काम करता है। वो भोपाल काम की तलाश में आया था लेकिन जब उसे काम नहीं मिला तो उसने एक और युवक बलजीत के साथ मिलकर बाइक चोरी करने और उसे बेचने का काम शुरू कर दिया।

