भोपाल। बैतूल में कुछ दुकानदार ड्रायफ्रूट्स के साथ दालों के भी गिफ्ट पैक बेच रहे हैं। दाल के गिफ्ट पैक खरीदने पर ग्राहक को कई प्रकार की दालें एक ही गिफ्ट पैक में मिल रही हैं। वहीं दूसरे गिफ्ट पैक खरीदने पर भी 100 ग्राम दाल मुफ्त दी जा रही है।
दाल के आसमान छूते दामों ने उसे ड्रायफ्रूट्स की तरह गिफ्ट आइटम बना दिया है। अब आप दिपावली पर अपनों को खुश करने के लिये दाल का गिफ्ट पैक भी दे सकते हैं। बैतूल में व्यापारियों के इस प्रयोग ने ग्राहकों का ध्यान खींचा है और लोग बड़े उत्साह से दाल के गिफ्ट पैक खरीदने पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस त्यौहार हर घर दाल पहुंचे इसलिये नो प्रॉफिट नो लॉस के साथ ये दाल के गिफ्ट पैक तैयार किये गए हैं।
दाल के इन गिफ्ट पैक्स की कीमत 150 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। ये खरीदने वाले पर है कि वो किसी को कितने तरह की दालें गिफ्ट कर सकता है। ड्रायफ्रूट का गिफ्ट पैक खरीदने पर भी 100 ग्राम दाल मुफ्त मिल रही है। ग्राहकों का कहना है कि दाल का गिफ्ट पैक खरीदना फायदे का सौदा है क्योंकि इसमें कुछ बचत भी हो जाएगी और गिफ्ट लेने वाला भी खुश हो जाएगा।

