भोपाल। सीबीआई ने पहली बार व्यापमं मामले में कुछ नया खुलासा किया है। डीआईजी ने बताया कि व्यापमं तो जैसे यहां के सिस्टम में शामिल था। लोग दहेज में लड़के को व्यापमं पास कराकर देते थे। यदि पकड़े जाते तो रिश्ता तोड़ दिया जाता था।
व्यापमं घोटाले की जांच की मॉनीटरिंग कर रहे सीबीआई डीआईजी एमके सिन्हा ने बताया कि, व्यापमं की जड़े काफी गहरी हैं। इस घोटाले में लोगों ने पारिवारिक स्तर पर भी सीट के बदले सौदेबाजी की है। उन्होंने बताया कि, घोटाले में शादी के नाम पर लड़के लड़की के रिश्ते तय हुए हैं। शादी के बदले लड़की के घरवाले लड़के की व्यापमं में सीट पाने के लिए मदद करते थे और शादी तय हो जाती थी। अगर इसमें वो पकड़े जाते तो दोनों का रिश्ता तोड़ दिया जाता। इस तरह के मामले सामने आने से यह साफ है कि व्यापमं घोटाले का स्तर कहां तक था।
उन्होंने आगे कहा कि, अगर भ्रष्टाचार दस-बीस फीसदी हो तो उसे रोका जा सकता है लेकिन अगर पूरा सिस्टम ही करप्ट हो तो उसे कौन सुधारेगा।