झांसी। एक महिला के साथ गैंगरेप की बड़ी अजीब वारदात हुई है। इसमें आरोपी युवक पीड़िता का दामाद एवं उसका बहनोई है। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गैंगरेप किया और वीडियो भी बनाया।
नवाबाद थानांतर्गत गोविंद चौराहे पर रहने वाली महिला का पति झांसी से बाहर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले दिनों उसके मायके सुट्टा गुरसराय में भाई के लड़के का जन्मदिन कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए वह अपने पति के साथ गई थी। मायके से उसका पति मजदूरी करने चला गया और वह मायके में ही रुक गई। बाद में उसका दामाद ललितपुर निवासी विजय कुमार रात नौ बजे उसके मायके सुट्टा पहुंचा और कहा, "ससुरजी झांसी पहुंच गए हैं, आपको बुलाया है।
महिला दामाद के साथ एक बस में सवार होकर झांसी आ गई। दामाद ने उसे गोविंद चौराहा स्थित उसके घर न ले जाकर तहसील कार्यालय के पीछे रहने वाले मधुकर निरंजन के मकान में ले गया। मधुकर महिला के दामाद का बहनोई है। रात में दोनों ने चाकू दिखाकर धमकाते हुए उसके साथ गैंगरेप किया और मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिया।
इसके बाद दामाद वीडियो क्लिप को इंटरनेट पर डालने की धमकी देते हुए गोविंद चौराहे पर छोड़कर भाग गया।