भोपाल। कांग्रेस के टूटे पतीले में आए जहरीले तूफान के बाद अब मप्र कांग्रेस कमेटी में संशोधन की कवायद शुरू हो गई है। एक्सरसाइज दिल्ली में हो रही है। फिलहाल 3 नाम जोड़े जा चुके हैं, शेष पर विचार चल रहा है।
संशोधन के बाद नई लिस्ट का ऐलान भी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ही करेंगे। याद दिला दें कि इस अरुण यादव की ताजा लिस्ट के बाद कांग्रेस में बवाल कटने लग गया था। भाजपा को घेरने के लिए बनाई नई टीम खुद ही घिर गई थी। मानक अग्रवाल और आरिफ अकील जैसे नेताओं ने तो खुलकर विरोध दर्ज करा दिया था। जबकि दर्जनों नेताओं ने पार्टी फोरम पर अपनी बात रखी थी। खुले विरोध की हाइट यह थी कि पीसीसी के सामने अरुण यादव का पुतला जलाया गया। अब दिल्ली में पूरी लिस्ट पर फिर से विचार हो रहा है। विदिशा के जगदीश यादव एवं छतरपुर के नितिन चतुर्वेदी के नाम पर भी विचार की चर्चाएं सुनाई दी हैं।

