नरसिंहपुर। एक दलित महिला को सांप ने काट लिया। उसे समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया गया। वो जहर के दर्द से तड़प रही थी। अस्पताल में एंटी स्नेक इंजेक्शन भी था परंतु डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन नहीं लगाया और दलित महिला तड़प तड़प मर गई।
नरसिंहपुर के गिधवानी गांव की दलित महिला बेटी बाई को रात में सोते समय सांप ने काट लिया जिसके बाद उसे इलाज के लिए उसके परिजन करेली तहसील के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। रात में जब वो अस्पताल पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने उनसे अस्पताल में एंटी स्नेक इंजेक्शन न होने की बात कही। इंजेक्शन न मिल पाने के कारण थोड़ी ही देर बाद दलित महिला ने दम तोड़ दिया।
इसी बीच एक चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ अस्पताल के ही मेडिकल स्टोर कीपर ने बताया कि उनके पास एंटी स्नेक वैक्सीन मौजूद है और ये बात डॉक्टरों को भी मालूम है। सवाल यह है कि जब वैक्सीन मौजूद थी तो महिला को दी क्यों नहीं गई। इस मामले में जैसा कि होता आया है, सभी डॉक्टर एकजुट होकर आरोपी डॉक्टर का बचाव कर रहे हैं।
