भोपाल। भाजपा में नंदकुमार सिंह चौहान की कांग्रेसी नेता से रिश्तेदारी निभाना भारी पड़ता जा रहा है। उज्जैन के बाद अब इसका विरोध प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी शुरू हो रहा है।
नंदकुमार सिंह चौहान कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उज्जैन आए हुए थे। इस दौरान पालखंदा में चौहान ने एक कांग्रेस नेता नीतिराज सिंह के यहां चाय-नाश्ता लिया। तत्समय ही उज्जैन के एक नेता ने इसका खुलकर विरोध किया तो नंदकुमार सिंह चौहान ने सफाई दी कि नीतिराज सिंह उनके रिश्तेदार हैं, इस वजह से वे उनके घर पहुंचे थे, लेकिन इतने भर से बात यहीं खत्म नहीं हो गई।
जैसे जैसे यह खबर फैल रही है। नंदकुमार सिंह के प्रति विरोध भी बढ़ता जा रहा है। भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सवाल सिर्फ इतना सा है कि राजनैतिक दौरे पर विरोधी दल के नेता से रिश्तेदारी क्यों निभाई ?

