भोपाल में रिसाव, आधा दर्जन घायल, दुबके रहे अधिकारी

Updesh Awasthee
भोपाल। रक्षाबंधन का त्यौहार भोपालियों के लिए दहशत का नया संदेश ले आए। दोपहर करीब 3:30 बजे होशंगाबाद रोड पर स्थित नर्मदा पंप हाउस से गैस का रिसाव शुरू हो गया। पलक झपकते ही भगदढ़ मच गई। आनन फानन में पुलिस पहुंची लेकिन उल्टे पैर लौट भी गई। एक साथ 20 फायर बिग्रेड मौके पर भेज दीं लेकिन बिना सुरक्षा तैयारियों के। जिससे आधा दर्जन कर्मचारी घायल हो गए। अधिकारी इस दौरान दुबके रहे। मौके पर तब तक नहीं पहुंचे जब तक कि सारे हालात सामान्य नहीं हो गए। 

राजधानी में होशंगाबाद रोड स्थित नर्मदा पंप हाउस में शनिवार को क्लोरीन गैस रिसाव से अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों को उल्टी व सांस लेने की तकलीफ हुई। गैस रिसाव से करीब आधा दर्जन फायर कर्मचारी प्रभावित हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक फायरकर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है। नगर निगम का बागसेवनिया थाने के पीछे नर्मदा योजना का अहमदपुर पंप हाउस है। यहां पर दोपहर करीब 2 बजे 900 किलो का क्लोरीन का सिलेंडर आया था।

इसका इस्तेमाल पानी फिल्टर करने के लिए होना था। यह काम निगम ने चीमा टेक नामक कंपनी को सौंप रखा है। कंपनी के कर्मचारियों ने क्रेन से जैसे ही सिलेंडर उठाया तो इसका वॉल्व खुल गया और गैस लीक होने लगी। इसके बाद कर्मचारी मौके से भाग गए। गैस रिसाव के कारण आसपास के लोगों का दम घुटने लगा। दोपहर करीब 3.30 बजे तक आसपास के लोग घरों को खाली कर गए थे। गैस रिसाव के कारण पंप हाउस के सामने स्थित एक दरगाह पर काफी लोग जमा थे, जिनमें भगदड़ की स्थिति बन गई। 

जान बचाकर वापस भागे पुलिसकर्मी 
बागसेवनिया थाना पास ही होने के कारण किसी ने पुलिस को हादसे की सूचना दे दी। एसआई एपी सिंह और एक सिपाही जीप से मौके पर पहुंचे और गाड़ी सीधे अंदर तक ले गए। यहां सिलेंडर से गैस रिसाव देख दोनों घबरा गए। इस दौरान उनका वाहन भी अंदर ही फंस गया। वे जैसे-तैसे जान बचाकर लौटे। बाद में बाहर खड़े लोग उनका वाहन लेकर आए। 

बिना तैयारी के पहुंच गईं 20 फायरबिग्रेड 
क्लोरीन गैस सिलेंडर के रिसाव पर काबू करने करीब 3.30 बजे मौके पर 20 फायर ब्रिगेड पहुंचीं लेकिन फायर कर्मचारी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के पहुंच गए। इसके चलते फायरकर्मी इफ्तेखार, प्रमोद शुक्ला, पुनीत, आसिम खान और विनीत अग्निहोत्री घायल हो गए। इनमें से इफ्तेखार, प्रमोद शुक्ला की हालत ज्यादा खराब थी। 

दुबके रहे अधिकारी
हादसा होने के करीब 4 घंटे बाद पौने आठ बजे नगर निगम कमिश्नर तेजस्वी एस नायक मौके पर पहुंचे। जबकि हादसे की सूचना 3.30 बजे निगम कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को दे दी थी। शाम करीब 7 बजे सबसे पहले अपर आयुक्त संजय सिंह मौके पर पहुंचे। लेकिन उन्होंने घटना के संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!