छग: पीएमटी परीक्षा में पेन पर भी प्रतिबंध

Updesh Awasthee
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) 11 जून को होने वाली प्री-मेडिकल टेस्ट (पीएमटी) की तैयारियां लगभग पूरी कर ली है. पूर्व की गड़बड़ियों और मुन्नाभाइयों से सबक लेते हुए व्यापमं ने इस बार कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं वहीं परीक्षार्थियों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए  हैं.  व्यापमं के निर्देशों के मुताबिक पीएमटी में इस बार परीक्षार्थियों को पेन लेकर आने की अनुमति नहीं होगी. ओएमआर शीट भरने के लिए व्यापमं द्वारा ब्लैक इंक पेन उपलब्ध कराया जाएगा. यही नहीं परीक्षार्थियों के दोनों हाथों  उंगलियों के थंब इंप्रेशन भी लिए जाएंगे. प्रवेशपत्र और मूल पहचान पत्र के अलावा परीक्षार्थी, परीक्षा कक्ष में कुछ भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे. किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए हर बार की तरह इस बार भी सभी परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. इस बार उत्तरपुस्तिका भी तीन ओएमआर शीट वाली होगी. इसमें से एक ओएमआर शीट परीक्षार्थी के पास, दूसरी व्यापमं तथा तीसरी चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपी जाएगी. ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उसकी जांच कराई जा सकें.

होंगे दो प्रश्नपत्र
पीएमटी में दो प्रश्नपत्र होंगे. पहला प्रश्नपत्र भौतिकी एवं  रसायन तथा दूसरा जीवविज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान का होगा. पहले प्रश्नपत्र के लिए सुबह 9 से 11.15 और दूसरे प्रश्नपत्र के लिए दोपहर 3 से शाम पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया है. दोनों प्रश्नपत्र दो-दो घंटे के होंगे. प्रश्नपत्र में केवल अब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी.

कड़ी जांच के बाद प्रवेश
पीएमटी में परीक्षार्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा. प्रवेशपत्र के अलावा मूल पहचान पत्र एवं फोटोग्राफ की जांच पड़ताल की जाएगी. सब कुछ सही पाए जाने के बाद ही प्रवेश मिल सकेगा. परीक्षा कक्ष में दो से तीन आब्जर्वर मौजूद होंगे. प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा होगा. सुरक्षा उपलब्ध कराने सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखा गया है. फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें भी गठित की जा रही हैं जो कभी भी औचक निरीक्षण के लिए परीक्षा केंद्रों में जाएंगी. किसी प्रकार अवैधानिक गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तारी भी की जाएगी.

केंद्र पर मिलेंगे पेन
पीएमटी में परीक्षार्थियों को अपना पेन परीक्षा केंद्र पर ले जाने मना कर दिया गया है. व्यापमं द्वारा ही पेन उपलब्ध काराया जाएगा. इस पेन की विशेषता यह होगी कि इनकी स्याही सामान्य पेन से बिल्कुल अलग होगी. अगर कोई व्यक्ति आंसरशीट में गड़बड़ी भी करता है तो आसानी से पकड़ा जाएगा. छात्रों को यह पेन परीक्षा केंद्रों पर आंसर शीट के साथ ही दिए जाएंगे. व्यापमं ने 2012 पीएमटी में भी परीक्षार्थियों को पेन उपलब्ध करवाएं थे. सीबीएसई ने एआईपीएमटी में भी इस बार पेन दिए थे.

इसलिए लगाई पेन पर रोक
बाजार में मोबाइल से कनेक्ट होने वाले पेन का प्रयोग नकल के लिए किया जाने लगा है, इनमें माइक्रोचिप लगी होती हैं. इसकी मदद से बोलकर प्रश्न भेजे जा सकते हैं. इससे पेपर आउट किया जा सकता है. वहीं दूसरी ओर से प्रश्नों के उत्तर भी आसानी से सुने जा सकते हैं. जिसके जरिए आसानी से नकल की जा सकती हैं. नकल का ऐसा ही एक तरीका एसएससी की परीक्षा में राजधानी में ही पकड़ा जा चुका है.

मूल पहचान पत्र अनिवार्य
व्यापमं की अन्य परीक्षाओं के तरह पीएमटी में भी मूल पहचान पत्र को अनिवार्य किया गया है. इसके बिना परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्रायविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, स्कूल का पहचान पत्र, दसवीं-बारहवीं की फोटोयुक्त अंकसूची का इस्तेमाल किया जा सकता है. व्यापमं ने स्पष्ट किया है कि पहचान पत्र के रूप में मूल दस्तावेज ही लेकर परीक्षा केंद्र में उपस्थित हों. पहचान पत्र की फोटोकॉपी नहीं चलेगी. फोटो कॉपी लेकर आने वालों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!