नीमच। फतहनगर (राजस्थान) पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ तरीके से की गई कार्रवाई का विरोध करते हुए बुधवार को नगर का पूरा सराफा बंद रहा। सराफे में लगभग 150 दुकानें हैं, बंद से लगभग 1 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ। नीमच सराफा एसोसिएशन ने सुबह बैठक के बाद दोपहर को एसपी और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।
एएसपी ने सराफा व्यापारियों को भरोसा दिया कि राजस्थान पुलिस के आला-अधिकारियों से बात की जाएगी। जानकारी के अनुसार फतहनगर पुलिस ने कुछ दिन पहले विनोद मराठा निवासी नीमच को पकड़ा था। उससे पूछताछ के आधार पर मंगलवार रात फतहनगर पुलिस अचानक यहां पहुंची और शुभम ज्वैलर्स के अभिषेक लोढ़ा को पकड़कर ले गई।
ताबड़तोड़ तरीके से की गई कार्रवाई में पुलिस ने अभिषेक को ज्वैलर्स दुकान बंद करने या घर पर सूचना देने तक का मौका नहीं दिया, जबकि दुकान में लाखों का माल भरा था। यह देख मंगलवार रात ही आक्रोशित सराफा व्यापारियों ने केंट थाने पहुंचकर विरोध जताते हुए सराफा बंद की घोषणा कर दी थी।

