कलेक्टर की क्लास: सरपंच सचिवों ने सीखे नियम कायदे

Updesh Awasthee
शाजापुर। गांधी हॉल में बुधवार दोपहर शाजापुर जनपद क्षेत्र के सरपंच एवं पंचायत सचिवों की क्लास करीब साढ़े 3 घंटे चली। कलेक्टर राजीव शर्मा ने खुद क्लास ली और नियम-कायदे सिखाए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जलाभिषेक अभियान, हरियाली महोत्सव, स्वच्छता अभियान, कृषि महोत्सव, स्कूल चले हम अभियान, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, मछली पालन, लोक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी व वन विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

कलेक्टर शर्मा ने सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों से कहा कि वे मनमानी नहीं करें। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे नियमों एवं कानून का उल्लंघन हो। सरपंचों के वैधानिक आदेशों का पालन करें। जब भी सरपंच ग्राम चौपाल पर सचिव को बुलाए तो सचिव को वहां पर उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत का कार्यालय नियमित रूप से खुले। पंचायतों में भी जनसुनवाई हो। उन्होंने सरपंचों से भी कहा कि वे कानून का पालन करें।

  • ये भी दी जानकारी
  • ग्राम पंचायतों में 5 जून से संवेदना अभियान शुरू होगा। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का चयन कर पेंशन स्वीकृत की जाएगी। योजना के तहत 5 से 10 जून तक सभी ग्रामों में सचिव प्रचार-प्रसार करें। 10 से 15 जून तक पात्र हितग्राहियों के फॉर्म भरवाए। 20 जून तक हितग्राहियों के लिए पेंशन स्वीकृति आदेश जारी किए जाएंगे। जुलाई से स्वीकृत पेंशन प्रकरणों में हितग्राहियों को राशि प्रदान की जाएगी।
  • गांव में यदि कोई भी अपरिचित व्यक्ति आकर लोगों को नौकरी देने के नाम से ठगी करता है तो सरपंच उसकी सूचना तत्काल कलेक्टर को दें। कोई भी व्यक्ति या संस्था नौकरी देने के नाम पर राशि की मांग करता है या प्रलोभन देता है तो लोग झांसे में न आएं।
  • सीएमएचओ गांवों में तैनात स्वास्थ्य एवं आशा कार्यकर्ता की स्वास्थ्य समिति की जानकारी सरपंचों को दें। साथ ही महीने के पहले शनिवार को समिति की बैठक आयोजित करें।
  • कलेक्टर ने सरपंच एवं सचिव से कहा कि उनके क्षेत्र में कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। सभी बच्चों को नजदीकी की शिक्षण संस्था में भर्ती कराए।
  • लोगों को प्रधानमंत्री जनसुरक्षा बीमा योजनाओं से जोड़े।
  • बारिश से पहले गड्ढे करें। ताकि उनमें पौधे लगाए जा सके।
  • उद्यानिकी फसलों को अपनाकर आमदनी प्राप्त करें।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!