भोपाल। न्यू मार्केट में खरीदारी करने गईं सागर कलेक्टर की बहन एवं विद्युत वितरण कंपनी की अफसर के गले से बाइक सवार बदमाशों ने ढाई तोला वजनी सोने की चेन लूट ली। घटना तनिष्क शोरूम के पास गुरुवार शाम को हुई।
शिवाजी नगर निवासी श्रीमती सुषमासिंह विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ हैं। उनके भाई अशोक सिंह सागर कलेक्टर हैं, जबकि चचेरे भाई एपीसिंह एडीजी हैं। वह शाम को अपनी एक परिचित के साथ खरीदारी करने न्यू मार्केट गई थीं। गाड़ी पार्क करने के बाद दोनों पैदल बाजार की तरफ जा रही थीं, तभी तनिष्क शोरूम के सामने बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन झपट लीं। टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है।

