भोपाल। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह व्यापमं के मुद्दे पर पदयात्रा करेंगे। पदयात्रा आठ जून को सुसनेर विधानसभा अंतर्गत आने वाले नलखेडा मंदिर से शुरू होगी। पहले चरण में सिंह राजगढ़ और दूसरे चरण में विदिशा संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभा में पदयात्रा करेंगे। यात्रा में व्यापमं के अलावा भूमि अधिग्रहण, किसान समस्या, गेहूं खरीदी में भेदभाव, पेयजल संकट सहित स्थानीय मुद्दों को उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान लक्ष्मण सिंह ने पदयात्रा कार्यक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य राजनीतिक कम और मैदानी हालात जानना ज्यादा है। कई क्षेत्रों से लोग आकर समस्याएं बताते हैं। राजगढ़ में भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे हैं। पीने के लिए पानी की समस्या कई गांवों में हैं। गेहूं खरीदी तो हुई है पर बोरों की समस्या रही है।
किसानों से जुड़ी कई परेशानियां हैं, जिन पर यात्रा के दौरान बात होगी। मैदानी हकीकत जानने के साथ लोगों से जीवंत संपर्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने मौजूदा और पूर्व विधायकों से भी कहा है कि मैदानी दौरे करके सरकारी योजनाओं की हकीकत और कमियों को उजागर करें।

