इंदौर। स्कूल से बंक मारकर 11वीं की छात्रा दोस्तों के साथ रीजनल पार्क घूमने चली गई। स्कूल वालों और घर वालों को इसका पता चल गया। छात्रा को शक था कि स्कूल में किसी सहपाठी ने ही उसकी शिकायत की है।
गुस्साई छात्रा चुगली करने वाली दूसरी छात्रा को सबक सिखाने का मन बनाकर चाकू लेकर स्कूल पहुंच गई। शिक्षक ने चेकिंग में बैग से चाकू बरामद कर लिया। घटना से खुद स्कूल प्रशासन हैरान है। माता-पिता से कहा गया है कि वे छात्रा को स्कूल से निकाल लें।
घटना पटेल नगर स्थित इल्वा स्कूल की है। शनिवार को क्लास के दौरान मोबाइल पर गाने सुनने की शिकायत पर टीचर ने छात्रा के स्कूल बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ही छात्रा के बैग से मोबाइल के साथ सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद हुआ।
घटना के बाद छात्रा के साथ पढ़ रही अन्य छात्राओं ने बताया कि बीते दिनों छात्रा के स्कूल से बंक मारने की किसी ने शिकायत कर दी थी। इसी से यह नाराज थी और सबक सिखाने के लिए अपने साथ चाकू लेकर आ गई।
घूमने चले गए थे
स्कूल की अन्य छात्राओं व शिक्षकों के अनुसार जिस छात्रा के बैग से चाकू बरामद हुआ है वह तीन-चार दिन पहले स्कूल से बंक मारकर दोस्तों के साथ रीजनल पार्क घूमने चली गई थी। इसकी खबर स्कूल को लग गई थी। शिक्षकों ने छात्रा को फटकार लगाते हुए बंक मारने की जानकारी माता-पिता को भी दे दी थी। छात्रा को शक था कि उसी के साथ पढ़ने वाली एक छात्रा ने उसकी शिकायत की है। इसी से वह नाराज थी।
शनिवार को छात्रा के अभिभावक को स्कूल प्रशासन ने बुलाया। छात्रा के भविष्य से जुड़ा मामला होने के कारण स्कूल ने घटना को तूल न देते हुए माता-पिता से कहा कि स्कूल कार्रवाई करे इससे बेहतर है आप खुद ही दाखिला निरस्त करवा लें।
हमारी जिम्मेदारी
मैं आज स्कूल में नहीं था। शिक्षक ने मुझे घटना की खबर दी है। पूरी जानकारी नहीं है। छात्रा के बैग से मोबाइल वगैरह कुछ मिला है। बीते दिनों छात्रा ने बंक मारा था। हमारी जिम्मेदारी थी, इसलिए माता-पिता को हमने खबर की थी। लड़की के भविष्य से जुड़ा मामला है, इसलिए मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। हमने पेरेंट्स को ही निर्णय लेने के लिए कहा है।
संजय मिश्रा, प्राचार्य, इल्वा स्कूल

