सागर में चोरी करने जाता था भोपाल का एक परिवार

Updesh Awasthee
भोपाल। भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में रहने वाला एक परिवार 'मां एवं 4 बेटे' भोपाल से ओवरनाइट एप्रोच वाले शहरों में चोरी करने जाते थे। आज सागर में चोरी की एक वारदात के दौरान धर लिए गए।

यह है पूरा मामला
हुआ यूं कि सागर निवासी किरण पांडे (30) अपनी छोटी बहन बबिता (28) के साथ शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सागर सिविल लाइन की एसबीआई ब्रांच से 35 हजार रुपए निकालने गई थीं। किरण ने पैसे अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखे और वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गोपालगंज स्थित कार्पोरेशन बैंक पहुंचीं। यहां उन्हें अपनी पासबुक में एंट्री करानी थी।

कुछ देर बाद जब वे वापस लौटीं, जबकि उनकी छोटी बहन बैंक के अंदर दूसरे काम निपटा रही थी। किरण ने स्कूटी (MP 15 MG 2481) में चाबी लगाई और जैसे ही हैंडल पर हाथ रखा, तो पाया कि उस पर गोबर लगा हुआ है। तभी समीप खड़े दो नाबालिग लड़के उनके पास आए और बोले-'आप हाथ धोकर आ जाइए। 'किरण गाड़ी में चाबी लगी छोड़कर हाथ धोने चली गईं।

जब किरण वापस लौटीं, तो गाड़ी में चाबी नहीं थी। वे लड़के तब भी वहीं खड़े थे। उन्होंने किरण को घर से डुप्लीकेट चाबी लाने को कहा। किरण का घर पास ही था और स्कूटर की डिग्गी में पैसे रखे थे इसलिए किरण जैसे-तैसे अपनी गाड़ी खींचते हुए घर तक पहुंची। जब डुप्लीकेट चाबी से उन्होंने डिग्गी चैक की, तो पैसे गायब थे।

फिर शुरू हुई चोरों की सर्चिंग...
किरण फौरन बाहर की ओर दौड़ीं। उन्होंने मोहल्ले के एक युवक पिंटू को साथ लिया और चोरों को ढूंढना शुरू किया। पहले वे कार्पोरेशन बैंक गई, लेकिन वे लड़के वहां नहीं थे। किरण उन्हें ढूंढते हुए जिला पंचायत आफिस के पास से गुजर रही थीं, तभी उन्हें चार लड़के (उम्र 10 से 19 साल के बीच) दिखाई दिए। इनमें वो दो लड़के भी शामिल थे। किरण ने उन्हें वहीं दबोच लिया और पीटना शुरू कर दिया। देखते-देखते पब्लिक जुट गई। इस बीच मौका पाकर दो लड़के भाग निकले।

नकली मोती बेचने की आड़ में ठगी..
कुछ देर बाद पुलिस वहां पहुंची और दोनों लड़कों को गोपालगंज थाने ले गई। सीएसपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, लड़कों ने पूछताछ में बताया कि, वे चार भाई हैं। वे अपनी मां के साथ रेलवे स्टेशन के पास ठहरे हुए हैं। हालांकि पुलिस की सर्चिंग के बाद उनकी मां और दो अन्य भाइयों के साथ गायब हो गई।

यह परिवार नकली मोती बेचने की आड़ में बैंक जैसी जगहों की रैकी करता था और मौका पाकर लोगों को ठग लेता था। पुलिस ने दोनों चोरों से किरण के 25 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं, लेकिन 10 हजार रुपए वहां से भागे दो लड़कों के पास हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे भोपाल के गोविंदपुरा इलाके के रहने वाले हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!