भोपाल। सतना के एक कुएं में इन दिनों जहरीली गैस रिस रही है। इस गैस की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो चुकी है। पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है। पुलिस एवं प्रशासन मौके पर हैं परंतु अभी तक गैस का रिसाव नहीं रोका जा सका है।
मप्र के सतना जिले के मैहर थाना अंतर्गत अमिलिया गांव अमिलिया गांव के पुराने कुएं के पास सुबह बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी बॉल कुएं में चली गई। उसे निकलने के लिए 14 साल का विवेक कुएं में उतरा लेकिन वह वापस नहीं आया, नीचे ही बेहोश हो गया। उसे वापस ऊपर आते न देख 21 साल का राम बहोर भी कुएं में उतर गया। दोनों को इस बात का अंदेशा नहीं था कि कुएं में जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है। कुएं के अंदर ही दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।
जैसे ही दूसरे बच्चों ने गांव में इसकी जानकारी दी, तो हड़कम्प मच गया। पुलिस को सूचना मिली, तब रेस्क्यू टीम गांव पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर में दोनों के शव कुएं से निकाले जा सके।