मोदी का मंच गिरा: 1 मौत, 4 गंभीर, 35 घायल, दौरा रद्द

Updesh Awasthee
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बन रहे मंच (पंडाल) के गिरने से उसमें दबकर 35 लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को शहर के अलग-अलग हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक जीपी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार नौ तारीख को छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आमसभा के लिए बन रहा मंच का एक हिस्सा टूट कर गिर गया है। इसमें दबकर 35 लोग घायल हो गए हैं।

घायलों में से चार की हालत गंभीर है। सिंह ने बताया कि मोदी शनिवार को नया रायपुर में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और इस दौरान आमसभा को भी संबोधित करेंगे। आमसभा के लिए यहां मंच तैयार कराया जा रहा है। शुक्रवार शाम तेज आंधी के दौरान निर्माणाधीन मंच का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इस दौरान यहां पुलिसकर्मी और अन्य लोग मंच के नीचे मौजूद थे।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि घटना के तत्काल बाद घायलों को शहर के डॉक्टर भीमराव आंबेडकर हॉस्पिटल, एनएचएमएमआई और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इधर, राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि नया रायपुर में मंच गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली है।

लोक निर्माण मंत्री बाल-बाल बचे
इस घटना को प्रधानमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक बताया जा रहा है। घटना में राज्‍य के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत बाल-बाल बच गए।

पुलिस मुख्‍यालय का लोकार्पण टला
आंधी के चलते टेंट गिरने से रायपुर में पुलिस मुख्‍यालय के लोकार्पण का कार्यक्रम भी टल गया है। अब बताया जा रहा है कि लोकार्पण के लिए पीएम बाद में आएंगे। यह कार्यक्रम पूर्व निधारित था लेकिन आंधी के कारण यह कार्यक्रम फेल हो गया।

काफी दिनों से थीं तैयारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्‍तर पर काफी दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। उनकी सुरक्षा व्‍यवस्‍था को लेकर पुलिस व प्रशासन तैनात था। सभा स्‍थल से लेकर एयरपोर्ट पर लगातार अभ्‍यास किया जा रहा था। लेकिन शुक्रवार शाम होते ही सब कुछ बदल गया। सारी तैयारियां धरी रह गईं। जब शुरूआती तौर पर हवा चलना शुरू हुई तो किसी ने नहीं सोचा था कि यह इतना बड़ा रूप ले लेगी। हवा के प्रवाह के आगे मजबूत टेंट भी टिक न सका और धराशायी हो गया।

एक सिपाही की मौत
एमएमआई अस्‍पताल में भर्ती एक होमगार्ड सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। टेंट गिरने से वह बुरी तरह घायल हुआ था। गंभीर हालत में उसे एमएमआई अस्‍पताल लाया गया था।

घायलों में पुलिसकर्मी अधिक
नया रायपुर में सभास्‍थल पर खासी तादाद में पुलिसकर्मी तैनात थे, जो इस हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। जैसे ही टेंट गिरा, स्‍थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में पुलिसकर्मियों की संख्‍या ही अधिक है।

भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!