होशियारपुर। ब्लॉक बुल्लोवाल के अंतर्गत सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल सरहाला मुंडियां के कुछ छात्रों द्वारा अध्यापकों को रोजाना किए जाने वाले अश्लील मोबाइल मैसैजिस ने इन शिक्षकों के नाक मेें दम कर रखा है।
पीड़ित अध्यापकों बलवंत सिंह, दर्शन सिंह, बहादुर जगदीश सिंह, गुरमेल सिंह व परमिन्द्र कुमार ने आज यहां बताया कि यह सिलसिला लंबे अर्से से जारी है। बड़े खेद की बात है कि मानसिक संताप के दौर से गुजर रहे इन अध्यापकों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने बताया कि मोबाइल मैसेज में तरह-तरह की अश्लील गालियां भेजी जाती हैं इसके अलावा स्कूल की दीवारों, शौचालयों, पेड़ों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी उनके प्रति गंदी शब्दावली लिखी जाती है। इसके अलावा इन अध्यापकों के मोबाइल फोन की घंटियां भी रात भर बजती रहती हैं।
थाना व शिक्षा विभाग नहीं कर रहा सुनवाई
उन्होंने कहा कि थाना बुल्लोवाल में कई बार शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं। इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय को भी इस प्रकरण संबंधी कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अध्यापकों का दर्द कोई भी सुनने को तैयार नहीं।
पीड़ित अध्यापकों ने आज यहां डैमोक्रेटिक टीचर्ज फ्रंट के नेतृत्व में जिलाधीश श्रीमती आनंदित्ता मित्तरा को एक लिखित शिकायत भेंट कर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
थाने का होगा घेराव
अध्यापकों ने बताया कि अगर एक सप्ताह के भीतर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न की गई तो वे अन्य अध्यापक संगठनों को लेकर थाना बुल्लोवाल का घेराव करेंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके डैमोक्रेटिक टीचर्ज फ्रंट के प्रधान सुखदेव डांसीवाल, मुकेश गुजराती, अवतार लंगेरी, मुख्तियार सिंह, संदीप पुरी, अश्विनी कुमार, अश्विनी कुमार व जसविन्द्र सिंह आदि भी मौजूद थे।

