राजेश शुक्ला/अनूपपुर। कम हाईट पर फैलाए गए हाईटेंशन तारों का जाल इन दिनों पूरे प्रदेश में मौत का कारण बनता जा रहा है। जैतहरी से वेंकटनगर जा रही एक यात्री बस भी हाईटेंशन तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई। दुर्घटना इसलिए हुई क्योंकि बस की छत पर कुछ सामान रखा था, लेकिन सवाल यह है कि इतनी कम हाईट पर हाईटेंशन तार क्या कर रहे थे।
जिले के जैतहरी से वेंकटनगर जा रही मिनी बस के उमरिया-चोरभटी के पास 11 केव्ही. के विद्युत लाईन के चपेट में आ जाने से 3 यात्रियों की मौत हो गई एवं 12 यात्री घायल हुए हैं। घायल यात्रियों में से 4 यात्रियों का इलाज जिला चिकित्सालय अनूपपुर में तथा 8 यात्रियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जैतहरी में किया जा रहा है।
घटना दोपहर 12:30 की बताई जा रही है। मिनी बस की छत पर सामान अधिक लदे होने से मिनी बस विद्युत करंट के चपेट में आई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नीलाम्बर मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना की खबर सुनते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि नपाध्यक्ष राम अग्रवाल, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष नेता अनिल गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित स्थानीय मिडिया के कर्मी पहुंचे।
कलेक्टर अनूपपुर एनएस परमार ने मृतकों के परिजनों को रेडक्रास से 5-5 हजार रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। घटना के प्रभावित परिवार को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान राहत मद से भी नियमानुसार सहायता राशि दी जाने की बात कही है।
मृतको में जुगंती पति प्रेमलाल भरिया २८ वर्ष निासी तुम्बीवार, दयाराम भैना पिता संतू ३८ वर्ष निवास पारम, उर्मिला नापित पति चंद्रिका ४८ चोरभठी। इस हादसे में अनीता भैना पिता दयाराम ६ वर्ष,वंशिका नापित पिता रामनारायण १४ माह, रामनाथ गोड़ पिता गणेश ३० वर्ष, ज्योति राठौर पिता लालजी २० वर्ष, यशोदा महरा पति अमोली ४५ वर्ष, डाली राठौर पिता लखन १४ वर्ष, मुन्नी बाई पति श्यामलाल गोड़ ५५ वर्ष, सावित्री पति मानसिंह ५० वर्ष, श्यामबाई पति लालसिंह ५५ वर्ष, नेमचंद पिता लालसिंह ८ वर्ष, तिरसिया गोड़ पति नानदाउ ६० वर्ष, मुन्नी बाई पति कृष्णलाल ४० वर्ष गंभीर रूप से घायल हुये। समाचार लिखे जाने तक घायलो का ईलाज जारी रहा।