मुजफ्फरपुर/पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में पांच जानें चली गईं। घटना मुजफ्फरपुर के सरैया प्रखंड के अजीतपुर बहिलवारा गांव की है। बताया जाता है कि एक लड़की से प्रेम करने के आरोप में एक लड़के को अगवा कर लिया गया था। रविवार को उसकी लाश मिली। इसके बाद उपद्रव मच गया। आक्रोशित लोगों ने करीब 40 घर फूंक दिए। एक दर्जन से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया। तीन लोग जिंदा जला दिए गए। मारपीट और आगजनी में दर्जनभर लोग जख्मी हुए। इनमें से एक की देर रात एसकेएमसीएच में मौत हो गई। इस समय हिंसा तो नहीं हो रही, लेकिन गांव में दहशत और तनाव है। पुलिस भी जमी हुई है।
युवक की हत्या के मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीएम अनुपम कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। युवक एक सप्ताह से लापता था। रविवार दोपहर गेहूं के खेत में उसका बोरे में बंधा हुआ शव मिला। इसके बाद लोग उग्र हो गए। उन्होंने पूरी बस्ती को आग लगा दी। कहा गया कि आखिरी बार लड़के को उस लड़की के भाई के साथ देखा गया था, जिससे उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था।
ऐसे हुई हिंसा
मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज में इंटर में पढ़ने वाला छात्र भारतेंदु सरैया थाने के बहिलवारा गांव से 9 जनवरी को लापता हो गया था। बताया जाता है कि वह गांव एक मुस्लिम लड़की के प्यार में पड़ गया था। उसके घरवालों ने उसकी अपहरण का मामला दर्ज कराया था। रविवार को बहिलवारा अजीजपुर गांव में उसका शव मिलते ही लोग भड़क गए और उन्होंने अपहरण के आरोपी के घर समेत दर्जनों मकानों और अनेक वाहनों को आग के हवाले कर दिया। आरोप लगाया गया कि लड़की के घरवालों ने भारतेंदु की हत्या कर दी। घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को राज्य सरकार साढ़े पांच-पांच लाख मुआवजा देगी।