रूह कंपकंपा देने वाला हत्याकांड

Updesh Awasthee
धार। गंधवानी के ग्राम जीराबाद में जघन्यतम हत्याकांड के समाचार मिल रहे हैं। यहां जेठ, ससुर व सास ने मिलकर बहू की कुल्हाड़ी से हत्या की, फिर उसी कुल्हाड़ी से लाश को टुकड़े टुकड़े काटा, फिर टुकड़ों को जलाया और उसके बाद जो बचा उसे गांव के दूर जंगल में जानवरों को खाने के लिए फैंक आए।

पुलिस ने दिनभर की मशक्कत के बाद शनिवार को शव के तीन टुकड़े बरामद किए हैं। शेष टुकड़े नहीं मिल पाए हैं। माना जा रहा है कि जंगल में जानवर खा गए हैं। इस मामले में डीएनए टेस्ट का सहारा लेना होगा। तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगड़कर ने बताया कि यह हत्या 5 जनवरी को की गई थी।

गंधवानी पुलिस को 14 जनवरी को मोनूबाई के पति महेश ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। महेश ड्राइवरी करता है और अक्सर बाहर रहता था। उसने अपनी पत्नी को फोन लगाया था और एक-दो दिन से उससे बातचीत नहीं हो पा रही थी।

इसीलिए उसने जीराबाद आकर पुलिस को सूचना दी थी। महेश ने अपनी मां, पिता और भाई से भी पूछताछ की किंतु कोई जवाब नहीं मिला। गुमशुदगी की सूचना पर पुलिस ने जांच की तो उसमें प्रथम दृष्टया यह मालूम पड़ा कि मोनूबाई के जेठ राकेश पिता धन्ना तथा ससुर धन्ना व सास सुमाबाई ने हत्या की है। श्री हिंगड़कर ने कहा कि तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

तालाब के पास मिले शव के टुकड़े
मोनूबाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए गए। इन टुकड़ों को जलाकर जीराबाद ग्राम से 300 मीटर दूर जाकर इधर-उधर फेंक दिया। जीराबाद में फिल्टर प्लांट के निकट जो तालाब है वहां महिला के शरीर के तीन अंग मिले हैं। शेष अंग नहीं मिल पाए हैं। एसडीओपी धीरज बब्बर ने बताया कि हमने टुकड़ों को ढूंढने के लिए काफी प्रयास किए किंतु नहीं मिल पाए हैं।

कमर के निचले हिस्से के दो अंग व एक पैर मिल पाया है। अन्य अंग इसलिए नहीं मिल पाए हैं क्योंकि जहां मवेशियों की हड्डी गलाने के लिए कुंडी बनाई जाती है वहां इनके टुकड़े फेंके गए थे। जंगल में सियार, कबर बिज्जू जैसे जानवर होने से आशंका है कि इन टुकड़ों को खा लिया होगा। इस मामले में डीएनए टेस्ट का सहारा लेना होगा।

यह था जमीन का विवाद
दरअसल यह पूरा विवाद पांच एकड़ जमीन को लेकर था। आरोपी राकेश व महेश दोनों ही साथ में रहते थे और उनकी जमीन भी साथ में थी। आरोपी इस जमीन को बेचना चाहता था लेकिन महेश की पत्नी मोनूबाई अपने सात वर्ष की लड़की व पांच वर्ष के लड़के के भविष्य के लिए जमीन को नहीं बेचने देना चाहती थी। इसी कारण आरोपियों ने यह जघन्य हत्याकांड किया। इधर महिला के जेठ राकेश पिता धन्नाा तथा ससुर धन्नाा व सास सुमाबाई को हत्या के आरोप में हिरासत में ले लिया है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!