भोपाल। विदिशा में मंगलवार का दिन संकटमोचकों के नाम रहेगा। जहां भाजपा की डरी हुई प्रत्याशी सुषमा स्वराज ने शिवराज सिंह चौहान को बुलवा भेजा है तो कांग्रेस के तीरंदाज दिग्विजय सिंह अपने छोटे भाई लक्ष्मण सिंह के लिए दिनभर विदिशा में रहेंगे।
पूरा दिन विदिशा में रहेंगे शिवराज
प्रदेश भाजपा संगठन ने अपनी कद्दावर नेता सुषमा स्वराज को जिताने के लिए शिवराज मंत्रिमंडल ने मोर्चा संभाल लिया है। इस क्षेत्र की आठों सीटों पर एक-एक मंत्री को तैनात किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को सुषमा के लिए रिजर्व रखा है।
वे इस दिन पूरे क्षेत्र में अपनी नेता के लिए वोट मांगेंगे और विदिशा में रोड शो भी करेंगे।विदिशा सीट पर मंगलवार शाम छह बजे चुनावी प्रचार थम जाएगा। शाम छह बजे के बाद से वोट के लिए घर-घर दस्तक देने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सुषमा स्वराज के चुनाव लड़ने के कारण यह विदिशा सीट हाईप्रोफाइल हो गई है। हालांकि सुषमा दूसरी बार यहां से चुनाव लड़ रही है। पहली बार उन्होंने इस सीट पर करीब 3 लाख 95 हजार वोटों से जीत दर्ज कराकर रिकार्ड बनाया था। इस रिकार्ड को बरकरार रखने के लिए पूरी भाजपा लामबंद हो गई है। पार्टी नेताओं की माने तो सुषमा को कोई खास संघर्ष नहीं करना पड़ रहा है।
हालांकि इसके विपरीत कांगे्रस सवाल उठा रही है कि जब सुषमा को लेकर कोई चिंता नहीं है तो पूरा संगठन विदिशा में क्यों मोर्चा खोले हुए हैं। प्रदेश संगठन ने भी इस सीट पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आठ सीटों पर आठ मंत्रियों को तैनात किया गया है। शिवराज सरकार के मंत्री रामपाल सिंह को उदयपुरा, सुरेंद्र पटवा को भोजपुर, गौरी शंकर शेजवार को सांची, दीपक जोशी को खातेगांव, गोपाल भार्गव और उनके बेटे अभिषेक को गंजबसौदा और उमाशंकर गुप्ता को विदिशा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनके अलावा नरोत्तम मिश्रा और परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह भी सक्रिय है। ये मंत्री सुषमा को जिताने के लिए न केवल चुनावी सभाएं कर रहे हैं बल्कि चुनावी प्रबंधन भी संभाल रहे हैं। इधर सोमवार को केंद्रीय मंत्री व अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बाडी में सभा ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी शाम को विदिशा में मौजूद थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह भी पूरे दल के साथ चुनाव-प्रचार में जुटी है।
लक्ष्मण के लिए विदिशा में पूरा दिन गुजारेंगे दिग्विजय सिंह
24 अप्रैल को तीसरे चरण के चुनाव के लिए मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने चुनाव प्रचार का आखिरी दिन अपने छोटे भाई लक्ष्मण सिंह के लिए रिजर्व रखा है। वे मंगलवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र में लक्ष्मण के लिए सात सभाएं लेकर वोट मांगेंगे। दिग्गी की पहली सभा सीहोर जिले के बिलकिसगंज में सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे बकतरा, एक बजे मंडीदीप, अपरान्ह 2 बजे सिलवानी, 2.45 बजे बेगमगंज, 3.30 बजे गौरतगंज में सभा लेंगे। उनकी सातवीं सभा शाम 4.30 बजे रायसेन में रखी गई है। वे शाम 5.30 बजे रायसेन से रवाना होकर शाम 6 बजे भोपाल लौटेंगे।