लक्ष्मण सिंह का सुषमा स्वराज पर पहला हमला: 24 घंटे भी नहीं बिताए विदिशा में

भोपाल। भाजपा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और बाहर से चुनाव लड़ने आर्इं सुषमा स्वराज ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए विदिशा का दुरुपयोग किया है। लोकसभा का चुनाव जीतने के बाद सुषमा इन पांच सालों में 24 घंटे भी विदिशा में नहीं रुकीं।

वे निश्चित रूप से भाजपा की बड़ी नेता हैं लेकिन उनके खिलाफ माहौल बन चुका है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की ही उपेक्षा की है। मैं विदिशा का स्थानीय उम्मीदवार हूं। चुनाव में हम जरूर जीतेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज को विदिशा से टक्कर देने के लिए मैदान में उतरे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण ने यह कटाक्ष किए हैं। सिंह रविवार को प्रदेश कांग्रेस में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विदिशा उनके लिए घर जैसा है। जनता जब भी चाहेगी एक घंटे में खड़ा हो जाऊंगा।

ढाई लाख गौर ने बढ़ा दिए, बाकी हम कर लेंगे
लक्ष्मण ने प्रदेश के गृह मंत्री बाबूलाल गौर के बयान पर कहा कि वे वरिष्ठ मंत्री और अनुभवी नेता हैं। ढाई लाख वोट उन्होंने कांग्रेस के बढ़ा दिए हैं। बाकी के कांग्रेस कार्यकर्ता बढ़ा लेंगे।

सुषमा का चार लाख से हराने का दावा
चार लाख से अधिक वोटों से हराने के सुषमा के दावे के जवाब में लक्ष्मण ने कहा कि जो उम्मीदवार पांच साल अपने क्षेत्र में गया नहीं हो, उसके वोट कभी बढ़ नहीं सकते। उन्होंने कहा कि वे विदिशा नेताओं के भरोसे चुनाव लड़ने आर्इं हैं। जब वे घूमेंगी तो उन्हें पता चलेगा कि हकीकत क्या है।

संदिग्ध भाजपाइयों की सूची तैयार की
लक्ष्मण ने कहा कि सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन ने जो विधान सभा में किया था वह लोकसभा में बिल्कुल नहीं कर पाएंगे। हमने चुनाव आयोग को ऐसे अधिकारियों की सूची दी है। बूथ कैप्चरिंग करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम और तस्वीरें डीजीपी को दिए हैं। एक भी बूथ पर फर्जी मतदान नहीं करने देंगे। 


If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!